देवास के उदयनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में एक ही परिवार के 4 लोगों ने जहर खा लिया। इसमें से तीन की मौत हो गई है।
देवास में सामूहिक आत्महत्या का मामला सामने आया है। एक आदिवासी परिवार ने जहर खा लिया। इसमें दंपती और उनकी एक बेटी की मौत हो गई, जबकि एक बेटी की हालत गंभीर बनी हुई है।
.
ये मामला जिले के उदयनगर थाना क्षेत्र के धोपघटा गांव का है। जानकारी के मुताबिक 21 जून की रात को गांव के भिलाला समाज के एक परिवार के 4 सदस्य राधेश्याम (50), पत्नी रंगु बाई (48) और दो बेटियां आशा (23) और रेखा ने जहरीला पदार्थ खा लिया।
इसके बाद सभी को गंभीर हालत में इंदौर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां राधेश्याम की रविवार रात को इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि सोमवार को पत्नी रंगु बाई और बेटी आशा ने भी दम तोड़ दिया। दूसरी बेटी रेखा की हालत गंभीर है। उसका इलाज जारी है।
बेटे का प्रेम प्रसंग बताया जा रहा आत्महत्या की वजह सामूहिक आत्महत्या की वजह परिवार के बेटे का प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है। हालांकि इस बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
ये बताया जा रहा है कि राधेश्याम के बेटे का परिवार की ही किसी महिला से प्रेम प्रसंग था। जनवरी महीने में वह महिला को अपने साथ कहीं बाहर लेकर गया था। इसके बाद समाज के लोगों ने राधेश्याम के परिवार का समाज से बहिष्कार करने की बात कही थी। जिससे दुखी होकर परिवार ने जहर खा लिया।
हालांकि पुलिस और प्रशासन के किसी अधिकारी ने आत्महत्या की इस वजह को लेकर पुष्टि नहीं की है।
उदयनगर थाना प्रभारी सुनिता कटारे के अनुसार-
पुलिस को मामले की जानकारी देर से मिली। घटना के बाद परिवार सीधे इंदौर के निजी अस्पताल चला गया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
