मक्सी में सोमवार को अखिल भारतीय चंद्रवंशी खाती समाज ने जगन्नाथपुरी रथयात्रा की तर्ज पर भव्य रथयात्रा निकाली। सुबह 9 बजे से शुरू हुई यह यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस आयोजन स्थल पर पहुंची।
.
नगर परिषद मक्सी, हिंदू उत्सव समिति और नगर भाजपा इकाई ने पूजन कर पुष्पवर्षा से रथयात्रा का स्वागत किया। समाज के युवा भगवा दुपट्टा पहनकर भजनों पर नृत्य करते हुए चल रहे थे।
आषाढ़ शुक्ल पक्ष की द्वितीया को पुष्य नक्षत्र में यह यात्रा निकाली गई। भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और बड़े भाई बलराम की मूर्तियां तीन अलग-अलग रथों में विराजमान थीं। मान्यता है कि रथ को खींचने से जीवात्मा को मुक्ति मिलती है।
रथयात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
पुरी की परंपरा के अनुसार, राजा इंद्र-द्युम्न की रानी गुंडीचा के महल तक रथयात्रा जाती है। जगन्नाथ की मौसी के मंदिर में तीनों मूर्तियां रखी जाती हैं। भक्त उपवास रखकर इन रथों को खींचते हैं।
यात्रा के दौरान पूरा शहर ‘हरे कृष्ण हरे कृष्ण’ और ‘जगन्नाथ स्वामी नयन पथ गामी’ के जयघोष से गुंजायमान हो गया। शहर के साथ-साथ आसपास के गांवों से भी मंडलोई समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए।