SDM ने चांचौड़ा थाना प्रभारी पर कार्रवाई के लिए पत्र SP को लिखा था।
गुना में सोमवार को सामने आए चांचौड़ा विधायक द्वारा SP पर मानसिक प्रताड़ना के मामले के बाद और भी कई बातें सामने आई हैं। विधायक ने यह आरोप लगाया था कि तबादलों में प्रभारी मंत्री और विधायक की अनुशंसा के बिना थाना प्रभारी बदल दिए गए।
.
अब एक और पत्र सामने आया है, जिसमें चांचौड़ा थाना प्रभारी की पदस्थापना के दस दिन बाद ही SDM द्वारा उनकी शिकायत SP से की गई थी। अपने पत्र में उन्होंने TI पर कार्रवाई करने तक की बात कह दी।
बता दें कि, 24 मई को SP अंकित सोनी ने TI, SI, ASI, प्रधान आरक्षक, आरक्षकों के तबादला आदेश जारी किए थे। इनमें बाकी थानों के अलावा चांचौड़ा विधानसभा के अंतर्गत आने वाले चांचौड़ा और कुंभराज थाने के प्रभारी बदल दिए गए थे। वहीं मृगवास थाना प्रभारी को भी बदला गया था।
SP अंकित सोनी ने 24 मई को थाना प्रभारियों के तबादले किए थे।
इसमें चांचौड़ा थाने से TI मछलू सिंह मंडेलिया को हटाकर TI पंकज साहू को थाना प्रभारी बनाया गया था। वहीं कुंभराज थाने से TI नीरज राणा को हटाकर TI पंकज त्यागी को थाने की कमान सौंपी गई थी।
दोनों थानों के प्रभारी बदलने पर विधायक प्रियंका पेंची ने आपत्ति ली थी। इसके बाद कुंभराज थाना प्रभारी का तबादला निरस्त कर दिया गया था। ट्रांसफर होने के बाद TI पंकज साहू ने चांचौड़ा थाने की कमान संभाल ली थी।
उनकी ज्वाइनिंग के कुछ दिन बाद ही उनकी शिकायतें होने लगीं। 5 जून को एक युवक ने चांचौड़ा थाना प्रभारी पंकज साहू की शिकायत SDM से की। उसी दिन चांचौड़ा SDM ने पत्र लिखकर SP से थाना प्रभारी की शिकायत की।
युवक ने ये की थी शिकायत
चांचौड़ा के वार्ड क्रमांक 6 में रहने वाले युवक मनोज चौकसे ने 5 जून को SDM से की गई अपनी शिकायत में बताया कि “4 जून की रात को 8 बजे के करीब मैं अपने प्लॉट पर जाने के रास्ते के लिए आवेदन लेकर थाना प्रभारी के पास गया था, लेकिन श्रीमान जी के द्वारा मेरे आवेदन को पढ़े बिना ही मुझसे तू तड़ाके से बात करने लगे। कहने लगे कि मैं सब जानता हूँ। यह जमीन का आवेदन लेकर मेरे पास मत आओ। यह मेरा काम नही है यह एसडीएम साहब का काम है। तुम एसडीएम साहब के पास जाकर बोलो की वह अपनी गाड़ी खड़ी कर प्लाट पर जाने का रास्ता बनाएं या नगर परिषद के द्वारा रोड डलवाएं। मेरे पास इतना समय नही है कि मैं तुम्हारा आवेदन पढूं। मेरे पास बार बार आये तो तुम लोगों को ही उल्टा थाने में बन्द कर दूंगा। जेल में सड़ते रहोगे। मैं तुम लोगों के खिलाफ ऐसा मुकदमा कायम करूंगा कि पूरी जीवन जेल में निकलेगा। मेरे साथ मेरे बड़े भाई गोरव चौकसे भी थे। थाना प्रभारी महोदय ने उनके साथ भी अभद्रता पूर्ण व्यवहार किया और उनको भी उल्टी सीधी सुनाई। अतः श्रीमान से निवेदन है कि मेरा आवेदन स्वीकार कर थाना प्रभारी महोदय के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की कृपा करें।”

युवक द्वारा SDM को दिया गया शिकायती आवेदन।
SDM ने SP को भेजा पत्र
मनोज चौकसे के आवेदन के बाद 5 जून को ही एसडीएम रवि मालवीय ने थाना प्रभारी की शिकायत एसपी को भेजी। अपनी रिपोर्ट में उन्होंने लिखा कि शिवम चौकसे और उनके पिता रामेश्वर चौकसे ने 5 जून को थाना प्रभारी चाचौड़ा के खराब व्यवहार की शिकायत की है। चाचौड़ा के तहसीलदार और नायब तहसीलदार ने भी शिकायत की थी कि थाना प्रभारी मोबाइल कोर्ट में सहयोग नहीं करते और न ही पुलिस बल देते हैं, जिससे कोर्ट का काम रुकता है।
नगर परिषद चाचौड़ा-बीनागंज के मुख्य अधिकारी ने भी थाना प्रभारी की कार्यशैली पर आपत्ति जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि थाना प्रभारी नगर पालिका के कामों में गलत तरीके से दखल देते हैं और परेशान करते हैं।
एसडीएम ने पत्र में लिखा कि थाना प्रभारी प्रमोद साहू के सिर्फ 15 दिन के कार्यकाल में ही उनके खिलाफ कई शिकायतें आई हैं। वे आम लोगों और शिकायतकर्ताओं से अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं। बड़े अधिकारियों के प्रति भी उनका रवैया ठीक नहीं है। यह उनकी अनुशासनहीनता को दर्शाता है। इसलिए थाना प्रभारी के खिलाफ जांच की जाए।

SDM ने SP को पत्र लिखा था।
यह भी पढ़ें..
भाजपा विधायक बोलीं-महिला हूं…इसलिए SP मानसिक प्रताड़ित कर रहे:प्रियंका पेंची ने सीएम को चिट्ठी लिखी; कहा- रोज नई कहानियां गढ़कर परेशान किया जा रहा

गुना जिले की चाचौड़ा से भाजपा विधायक प्रियंका पेंची ने SP अंकित सोनी पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। इस बारे में उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को एक पत्र लिखा है, जिसमें जिले में पुलिसकर्मियों के तबादलों में अनदेखी की बात कही गई है। यह पत्र 29 मई का है, जो अब सामने आया है।
दरअसल, SP अंकित सोनी ने 24 मई को जिले के TI, SI, ASI, प्रधान आरक्षक और आरक्षकों की तबादला सूची जारी की थी। इसमें चाचौड़ा थाना प्रभारी TI मछलू सिंह मंडेलिया को पुलिस लाइन भेजा गया, कुंभराज TI नीरज राणा को बमोरी और….पढ़ें पूरी खबर