किसान उगाते नहीं…मानसून में खुद उगती ये सब्जी, फायदों में सबकी बाप!

किसान उगाते नहीं…मानसून में खुद उगती ये सब्जी, फायदों में सबकी बाप!


खंडवा. मानसून के आगमन के साथ ही बाजार में एक से बढ़कर एक नई-नई मौसमी सब्जियां देखने को मिलती हैं. इनमें से एक है काकोड़ा, जिसका नाम आपने शायद ही पहले कभी नहीं सुना होगा. काकोड़ा एक ऐसी अद्भुत और सेहत से भरपूर सब्जी है, जो साल में केवल दो महीने ही मिलती है. इस खास सब्जी को किसान उगाते नहीं हैं बल्कि यह अपने आप खेतों, जंगलों और अन्य हरी-भरी जगहों पर बेल के रूप में उग आती है. काकोड़ा प्राकृतिक रूप से वर्षा ऋतु में उगती है और इसे स्थानीय लोग बड़े चाव से खाते हैं. इस मौसम में जहां एक ओर कंदूरी, करौंधा जैसी अन्य वनस्पतियां मिलती हैं, वहीं काकोड़ा भी अपने गुणों के चलते बाजार में एक अलग पहचान बना चुकी है.

काकोड़ा सब्जी दिखने में छोटी जरूर है लेकिन इसके अंदर पोषक तत्वों और औषधीय गुणों की कोई कमी नहीं है. सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि काकोड़ा में भरपूर मात्रा में फाइबर पाया जाता है. इस वजह से यह पेट के लिए वरदान है. इसका सेवन पाचन तंत्र को मजबूत करता है, पेट को साफ रखता है और कब्ज जैसी समस्याओं से छुटकारा दिलाता है. इसके अलावा काकोड़ा में कई एंटी-ऑक्सीडेंट्स होते हैं, जो शरीर के अंदर की गंदगी को बाहर निकालते हैं और रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करते हैं.

ब्लड शुगर कंट्रोल करने में सहायक
काकोड़ा में एंटी-डायबिटिक तत्व होते हैं, जो ब्लड में शुगर लेवल को नियंत्रित करने में मदद करते हैं. इस कारण से डायबिटीज के मरीजों के लिए यह एक फायदेमंद सब्जी मानी जाती है.

वजन कम करने में सहायक
जो लोग वजन कम करने के लिए प्राकृतिक उपाय खोजते रहते हैं, उनके लिए काकोड़ा एक अच्छा विकल्प है. इस सब्जी में कैलोरी बहुत कम होती है, जिससे पेट जल्दी भर जाता है और मोटापा कम करने में मदद मिलती है.

बढ़ती है रोग प्रतिरोधक क्षमता
काकोड़ा में पाए जाने वाले एंटी-ऑक्सीडेंट्स, फाइटोकेमिकल्स, विटामिन ए और विटामिन सी शरीर में रोगों से लड़ने की क्षमता को बढ़ाते हैं. इस मौसम में वायरल इन्फेक्शन और अन्य बीमारियों से बचना है, तो काकोड़ा आपके लिए एक नैचुरल सुपरफूड है.

आंखों के लिए फायदेमंद
काकोड़ा में मौजूद विटामिन ए और अन्य पोषक तत्व आंखों की रोशनी बढ़ाने में सहायक होते हैं.

क्या कैंसर से भी बचाता है?
कई विशेषज्ञ मानते हैं कि काकोड़ा में मौजूद एंटी-ऑक्सीडेंट्स कोशिकाओं के ऑक्सीडेशन की प्रक्रिया को धीमा करते हैं, जिससे शरीर में कैंसर जैसी बीमारियों की संभावना कम होती है. एंटी-ऑक्सीडेंट्स शरीर में खराब कोशिकाओं के विकास को रोकते हैं, जिससे कैंसर के जोखिम कम हो सकते हैं.

कैसे करें काकोड़ा का इस्तेमाल?
काकोड़ा को सब्जी के रूप में बनाकर, सूप में मिलाकर, स्टर-फ्राई करके या अन्य हरी सब्जियों के साथ मिलाकर पकाया जा सकता है. इसका स्वाद हल्का कड़वा होता है, जो इसकी पौष्टिकता को दर्शाता है.

तो इस मानसून में जब काकोड़ा बाजार में दिखाई दे, तो इसे अवश्य घर लाकर ट्राई करें. इस छोटी सी दिखने वाली सब्जी में सेहत के लिए बड़े-बड़े फायदे छिपे हुए हैं. इसकी मदद से आप न केवल बीमारियों से लड़ सकते हैं बल्कि अपनी इम्युनिटी को बेहतर बनाकर स्वस्थ जीवन जी सकते हैं.



Source link