मोहम्मदपुरा के पास बनेगी जेल: बुरहानपुर में जगह बदली, 73 करोड़ में होगा निर्माण; शैक्षणिक संस्थाओं की वजह से परिवर्तन – Burhanpur (MP) News

मोहम्मदपुरा के पास बनेगी जेल:  बुरहानपुर में जगह बदली, 73 करोड़ में होगा निर्माण; शैक्षणिक संस्थाओं की वजह से परिवर्तन – Burhanpur (MP) News


बुरहानपुर में जेल अब मोहम्मदपुरा गांव के पास बनेगी। इसका निर्माण 73.44 करोड़ रुपए में होगा। शुक्रवार को कलेक्टर हर्ष सिंह और विधायक अर्चना चिटनिस ने मौके पर पहुंचकर स्थल का निरीक्षण किया।

.

नया स्थान बहादरपुर रोड पर मोहम्मदपुरा गांव के पीछे की ओर चयनित किया जा रहा है। नवोदय विद्यालय समेत कई शैक्षणिक संस्थाएं होने के कारण स्थान बदलने का निर्णय लिया गया है।

विधायक चिटनिस ने बताया कि 2024 में मंत्री परिषद से स्वीकृति मिलने के बाद जेल विभाग ने 73.44 करोड़ रुपए की प्रशासकीय मंजूरी दी है। टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर वीरसिंह चौहान, एसडीएम पल्लवी पुराणिक और जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रदीप पाटिल भी मौजूद थे।

विधायक और कलेक्टर स्थल पर जांच करने के लिए पहुंचे।

खंडवा आने-जाने में होता है खर्च बुरहानपुर विधायक के अनुसार 2003 में खंडवा जिले को विभाजित कर बुरहानपुर जिला बना था। बुरहानपुर जेल विभाग वर्तमान में जिला खंडवा से ही संचालित हो रहा है। जिला न्यायालय व अन्य न्यायालय पेशी के लिए अपराधियों को प्रति दिन बुरहानपुर लाना, ले जाना पड़ता है, जिससे आवागमन में काफी पुलिस बल के साथ साथ वाहन उपयोग होता है।

एक ओर समय व आर्थिक नुकसान हो रहा है। संगीन अपराधियों को सुरक्षित रखने में काफी कठिनाई होती है।

उन्होंने बताया कि मुख्य अभियंता भवन लोक निर्माण विभाग इंदौर, भोपाल को राशि 73.44 करोड़ रूपए का प्राक्कलन प्रस्ताव तैयार कर भेजा गया था। मध्यप्रदेश मंत्री परिषद की बैठक की स्वीकृति के बाद जेल विभाग द्वारा प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की थी।

विधायक ने कहा इसे लेकर लगातार 18 साल से प्रयास किए जा रहे हैं। जिला जेल का निर्माण के लिए ग्राम बहादरपुर के समीप 12 एकड़ भूमि का चयन किया गया था, लेकिन यह क्षेत्र अब शैक्षणिक हब बन रहा है। इसके लिए यहां जिला जेल का निर्माण न करते हुए ग्राम मोहम्मदपुरा पंचायत के तहत जिला जेल निर्माण के लिए भूमि चयन पर विचार किया जा रहा है।



Source link