बालाघाट में शनिवार सुबह 11 बजे से हुई तेज बारिश ने शहर में जलभराव की स्थिति बना दी। वार्ड क्रमांक 6 में पानी निकासी की उचित व्यवस्था न होने से घरों में बारिश का पानी घुस गया। इससे नाराज रहवासियों ने सड़क जाम कर दी और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
.
रहवासियों का कहना है कि वार्ड के पानी निकासी के लिए बने पुराने नाले को भूमि मालिक ने बंद कर दिया है। इस कारण छोटी नालियों से पानी की समुचित निकासी नहीं हो पा रही है। नालियां ओवरफ्लो होकर पानी घरों में घुस रहा है। घरों में रहने वाले बुजुर्गों और बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही घरेलू सामान भी खराब हो रहा है।

स्थानीय निवासी लता बेन ने बताया कि पानी निकासी की समस्या को लेकर सांसद, विधायक और नगरपालिका को कई बार सूचित किया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। कविता नेवारे ने बताया कि उनका कच्चा मकान है और पानी घुसने से मकान को नुकसान होने का खतरा है।

वार्डवासियों के विरोध के बाद नगरपालिका बंद नाले को खोलने में जुट गई है। नगरपालिका सीएमओ बी.डी. कतरोलिया ने कहा कि बारिश के पानी की निकासी के लिए नाला खुलवाया जा रहा है। वार्ड पार्षद रैना सुराना पर भी लोगों ने समस्या की अनदेखी का आरोप लगाया है।