मध्य प्रदेश के सीधी जिले के डोल टिकुरी टोला गांव में एक अनूठा नजारा देखने को मिला। जमोड़ी थाना क्षेत्र के खुले मैदान में एक नाग-नागिन का जोड़ा आज शनिवार के दिन शाम 4:00 बजे दिखाई दिया। इस दृश्य को देखकर सैकड़ों ग्रामीण वहां जमा हो गए।
.
कुछ ग्रामीणों ने इसे शुभ संकेत मानते हुए पूजा-पाठ शुरू कर दिया। कई लोगों ने इस दृश्य का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया। ग्रामीण देवकुमार पटेल ने बताया कि बुजुर्गों की मान्यता के अनुसार नाग-नागिन के मिलन से वह स्थान पवित्र हो जाता है।
वन्यजीव विशेषज्ञों ने स्पष्ट किया कि यह सांपों का मैथुन व्यवहार है। यह मानसून के दौरान जून-जुलाई में आम तौर पर देखा जाता है। इस समय नर और मादा सांप एक-दूसरे से लिपटते हैं। यह प्रक्रिया कई मिनटों तक चल सकती है।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि इस तरह की घटनाओं को चमत्कार न मानें। साथ ही सांपों को परेशान न करें। सांप पर्यावरण संतुलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मानसून के मौसम में सांप अक्सर अपने बिलों से बाहर निकलते हैं। हालांकि उनका जोड़े में दिखना दुर्लभ होता है।
