संजू सैमसन का बाय-बाय कहने जा रहा राजस्थान रॉयल्स! 2 टीमों से बन सकती है बात, 6 खिलाड़ियों को ट्रेड करने की तैयारी

संजू सैमसन का बाय-बाय कहने जा रहा राजस्थान रॉयल्स! 2 टीमों से बन सकती है बात, 6 खिलाड़ियों को ट्रेड करने की तैयारी


Last Updated:

राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2026 से पहले बड़े फेरबदल की तैयारी कर ली है. टीम इस कड़ी में अपने कप्तान संजू सैमसन से करार खत्म कर सकती है.

राजस्थान रॉयल्स अपने कप्तान संजू सैमसन से करार खत्म कर सकता है.

हाइलाइट्स

  • राजस्थान रॉयल्स 6 खिलाड़ियों को ट्रेड करने की तैयारी में.
  • अपने कप्तान संजू सैमसन से भी खत्म कर सकता है करार.
  • सीएसके और केकेआर को है विकेटकीपर बैटर की जरूरत.
नई दिल्ली. राजस्थान रॉयल्स की टीम आईपीएल 2026 से पहले बड़े फेरबदल में जुड़ गई है. संजू सैमसन की कप्तानी इस टीम को रास नहीं आई है. ऐसे में टीम उनको बाय-बाय करने पर विचार कर सकती है. सैमसन 2021 से आरआर के कप्तान हैं, लेकिन टीम इस दौरान सिर्फ एक बार फाइनल में जगह बना पाई. राजस्थान रॉयल्स अगले सीजन से पहले कम से कम छह खिलाड़ियों को दूसरी फ्रैंचाइजी से ‘ट्रेड-ऑफ’ (खिलाड़ियों की अदला बदली) कर सकती है.

राजस्थान रॉयल्स ने यह साफ नहीं किया है कि वह किन खिलाड़ियों को ट्रेड करेगी. जिन खिलाड़ियों के लिए ट्रेड-ऑफ की मांग सबसे अधिक होगी, उनमें संजू सैमसन पहले हो सकते हैं. अभी यह पता नहीं चला है कि संजू सैमसन और राजस्थान की टीम आपसी सहमति से अलग होने का फैसला करते हैं या नहीं. टीम के पास ध्रुव जुरेल के रूप में दूसरा विकेटकीपर बैटर है जो सैमसन जैसा प्रभावशाली है.

आईपीएल में अभी खास तौर पर दो टीमों को बेहतरीन विकेटकीपर बल्लेबाज की जरूरत है. पहली- चेन्नई सुपर किंग्स जिसके आइकन खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी अगले आईपीएल से पहले 45 बरस के हो चुके होंगे. सबने देखा कि उनकी फिटनेस जवाब दे चुकी है. आईपीएल 2025 में धोनी खुद को जबरन खींचते नजर आए. चेन्नई के बाद विकेटकीपर बैटर की सबसे ज्यादा जरूरत कोलकाता नाइट राइडर्स को हो सकती है. आईपीएल 2025 में इस टीम के पास क्विंटन डिकॉक और रहमानुल्लाह गुरबाज विकेटकीपर बैटर थे, जो बहुत कामयाब नहीं रहे थे.

चेन्नई सुपर किंग्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी काशी विश्वनाथन को कई बार कॉल करने पर भी कोई जवाब नहीं मिला और राजस्थान रॉयल्स के सूत्रों ने भी किसी खास खिलाड़ी के साथ ट्रेड-ऑफ की बातचीत के बारे में कुछ नहीं बताया. आईपीएल टीमों के लिए ट्रेडिंग विंडो 2025 के फाइनल के खत्म होने के एक दिन बाद चार जून से शुरू हो गई है. यह  2026 के खिलाड़ियों की नीलामी की तारीख से एक सप्ताह पहले तक जारी रहेगा. खिलाड़ियों की नीलामी खत्म होने के बाद विंडो फिर से खुलेगी और अगले सत्र की शुरुआत से ठीक एक महीने पहले बंद हो जाएगी.

ट्रेड-ऑफ कई तरह के होते हैं. इसमें एक ही कीमत पर खिलाड़ियों की अदला-बदली शामिल है. इसके अलाव खिलाड़ियों की ऐसी अदला-बदली जिसमें अधिक कीमत वाले खिलाड़ी को रखने वाली फ्रेंचाइजी को बाकी रकम देनी होती है. इससे एक्स्ट्रा मनी वाली फ्रैंचाइजी को नीलामी से पहले अपना पर्स बढ़ाने में मदद मिलती है.

राजस्थान रॉयल्स के एक करीबी सूत्र ने बताया, ‘हमारे छह खिलाड़ियों के लिए कई फ्रेंचाइजी ने कई बार संपर्क किया है. इसी तरह हमने कई विकल्पों के लिए दूसरी फ्रेंचाइजी टीमों से संपर्क किया है.’ सूत्र ने कहा, ‘इसमें सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि हर टीम अपनी टीम को मजबूत करने वाली किसी भी चीज के लिए तैयार है. मुझे नहीं लगता कि राजस्थान रॉयल्स इससे अलग होगा. कई मालिक हैं जो नियमित आधार पर ट्रेड-ऑफ के लिए एक-दूसरे से संपर्क करते हैं.’

संजू सैमसन पिछले कई वर्षों से राजस्थान टीम का अहम हिस्सा रहे हैं लेकिन कप्तान के तौर पर रियान पराग के उभरने के बाद यह देखना होगा कि वह टीम में बने रहने में सफल रहते है या नहीं. पिछले सत्र में जब सैमसन चोटिल थे तब पराग ने टीम की कमान संभाली थी. टीम ने गुवाहाटी को अपना दूसरा घरेलू मैदान भी बनाया है. यह घरेलू क्रिकेट में पराग का घरेलू मैदान भी है. (इनपुट पीटीआई)

विजय प्रभात शुक्लाAssociate Editor

दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय. अप्रैल 2020 से News18Hindi में बतौर एसोसिएट एडिटर स्पोर्ट्स की जिम्मेदारी. न्यूज18हिंदी से पहले दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, अमर उजाला अखबारों में पेज-1, खेल, देश-विदेश, इलेक्शन ड…और पढ़ें

दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय. अप्रैल 2020 से News18Hindi में बतौर एसोसिएट एडिटर स्पोर्ट्स की जिम्मेदारी. न्यूज18हिंदी से पहले दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, अमर उजाला अखबारों में पेज-1, खेल, देश-विदेश, इलेक्शन ड… और पढ़ें

homecricket

संजू सैमसन का बाय-बाय कहने जा रहा राजस्थान रॉयल्स! 2 टीमों से बन सकती है बात



Source link