रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा एक बार फिर अपने विवादित बयान को लेकर सुर्खियों में आ गए हैं। इस बार उन्होंने कहा कि अगर बच्चों ने जल्द लैपटॉप नहीं खरीदा तो उनके पिता इस पैसे से ‘चोंगी (गांजा) फूंक लेंगे’। सांसद का यह बयान अब चर्चा का विषय बन गया है।
.
दरअसल, सांसद शुक्रवार को रीवा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे। जहां राज्य सरकार की प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के तहत 12वीं कक्षा के टॉपर्स के खाते में ₹25-25 हजार की राशि ट्रांसफर की जानी थी। रीवा में भी 200 से अधिक छात्र-छात्राओं के खाते में यह राशि डाली जानी थी। इस मौके पर सभी विद्यार्थी मार्तंड क्रमांक-1 स्कूल में एकत्रित हुए थे।
बोले- लैपटॉप खरीदने पिता से लड़ना पड़ेगा विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा, “आज शाम तक आपके खाते में लैपटॉप खरीदने के लिए राशि आ जाएगी। लेकिन यह कहना मुश्किल है कि कितने बच्चे लैपटॉप खरीदेंगे। किसी के पिता उन्हें लैपटॉप नहीं खरीदने देंगे। अगर बच्चों को लैपटॉप खरीदना है तो अपने पिता से लड़ना पड़ेगा। अगर आज लैपटॉप नहीं खरीदा तो तुम्हारे पिता चोंगी (गांजा) फूंक लेंगे।”
सांसद ने वहां मौजूद अधिकारियों से यह भी कहा कि उन्हें लैपटॉप की खरीदी की पूरी सूची चाहिए, जिसमें कितने बच्चों ने कब-कब लैपटॉप खरीदा, इसका पूरा ब्योरा हो।
क्या माता-पिता का कोई सम्मान नहीं : कांग्रेस सांसद के इस बयान पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष कविता पांडेय ने कहा, “क्या बच्चों को अपमानित करने के लिए वहां बुलाया गया था? क्या बच्चों के माता-पिता का कोई सम्मान नहीं है? राशि आने से पहले ही उन्हें जलील कर दिया गया। इससे अच्छा तो सरकार लैपटॉप ही न देती।”
पहले भी दे चुके हैं विवादित बयान गौरतलब है कि यह पहला मौका नहीं है, जब सांसद जनार्दन मिश्रा अपने विवादित बयान को लेकर सुर्खियों में आए हों। वे पहले भी अपने बयानों के कारण चर्चा में रह चुके हैं।
जानकारी के मुताबिक, इस योजना के तहत पूरे मध्यप्रदेश के 94,234 छात्रों के बैंक खातों में ₹25-25 हजार रुपए की राशि लैपटॉप के लिए ट्रांसफर की गई है।