5 हजार पौधे लगाए, 10 को 10 हजार लगेंगे: विधायक बोलीं- खाने की तरह ही जरुरी हैं पेड़-पौधे; करोड़ों जिंदगियां बचाते हैं – Dhar News

5 हजार पौधे लगाए, 10 को 10 हजार लगेंगे:  विधायक बोलीं- खाने की तरह ही जरुरी हैं पेड़-पौधे; करोड़ों जिंदगियां बचाते हैं – Dhar News


धार में पर्यावरण संरक्षण को लेकर शनिवार सुबह 10 बजे डीआरपी लाइन से अमृत हरित अभियान की शुरुआत हुई। अभियान में एक साथ 5 हजार पौधों का रोपण किया गया। पौधारोपण की शुरुआत सायरन की आवाज के साथ हुई और फिर हरियाली की अलख जगाने का काम शुरू हुआ।

.

पौधारोपण डीआरपी लाइन, प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस मैदान और खेल प्राधिकरण परिसर में किया गया। एक दिन पहले जेसीबी से गड्ढे खोदे गए थे, जिससे पौधारोपण को व्यवस्थित किया जा सके।

इस बार अभियान जीरो बजट पर आधारित रखा गया, जिसमें विभिन्न सामाजिक व स्वयंसेवी संगठनों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया। आयोजकों का उद्देश्य सिर्फ पौधे लगाना नहीं, बल्कि एकजुटता का संदेश देना भी था।

विधायक नीना वर्मा ने कहा कि शरीर के लिए जैसे भोजन जरूरी है, वैसे ही पर्यावरण के लिए पेड़-पौधे जरूरी हैं। ये हमें शुद्ध वायु देते हैं, और उनका संरक्षण हमारी जिम्मेदारी है। नपा अध्यक्ष नेहा बोडाने ने कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं।

हमें इन्हें बच्चों की तरह पालना चाहिए। जब पौधा पेड़ बनता है, तो वह न सिर्फ फल देता है, बल्कि सैकड़ों जिंदगियां भी बचाता है।

सीएमओ विश्वनाथ सिंह ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा हर नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। इसीलिए यह अभियान शुरू किया गया है। 10 जुलाई को गुरु पूर्णिमा पर 10 हजार पौधों का रोपण किया जाएगा।

इस अवसर पर विधायक नीना वर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष नेहा महेश बोडाने और सीएमओ विश्वनाथ सिंह मुख्य रूप से मौजूद रहे। आरआई पुरुषोत्तम विश्नोई, पुलिस और नगर पालिका स्टाफ सहित कई पर्यावरण प्रेमी भी इस अभियान में शामिल हुए।



Source link