भिंड में मोहर्रम की रात धार्मिक आस्था और साम्प्रदायिक सौहार्द के साथ मनाई गई। शहर के गोल मार्केट, सरकारी इमामबाड़ा, नयापुरा, खटीक खाना, माधौगंज हाट और अटेर रोड समेत सौ से अधिक स्थानों पर रखे गए ताजियों ने रातभर शहर में गश्त की।
.
रिमझिम बारिश के बीच निकली गश्त में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। इस दौरान देश, प्रदेश और शहर में अमन के लिए दुआएं की गईं तथा फातिहा ख्वानी कर कर्बला के शहीदों को याद किया गया।
रातभर कड़ी सुरक्षा में रहा पुलिस फोर्स तैनात।
रविवार दोपहर माधौगंज हाट से ताजियों का मुख्य जुलूस निकलेगा, जो गोल मार्केट, सदर बाजार, अटेर रोड और इटावा रोड होते हुए छोलियाने स्थित कर्बला मैदान पहुंचेगा। यहां फातिहा ख्वानी के बाद ताजियों को सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।
कस्बों में भी निकली ताजिया गश्त
जिले के मेहगांव, गोहद, अटेर, फूप, लहार, रौन और मिहोना कस्बों में भी ताजियों की गश्त निकाली गई। इन कस्बों के ताजिए स्थानीय कर्बला मैदान में दफन किए जाएंगे।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव और एसपी डॉ. असित यादव ने सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। जुलूस मार्ग पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा और पुलिस-प्रशासन द्वारा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।