Last Updated:
Sagar Mein Barish: सागर जिले में रविवार की शाम 40 मिनट में 3 इंच बारिश हुई, जिसकी वजह से पूरा शहर पानी पानी हो गया. सड़के स्विमिंग पूल बन गई और बाजार तालाब की तरह नजर आने लगे. लोगों की दुकानों और घरों में दो-दो फीट तक पानी भर गया. कहीं बारिश के दौरान ब्लैकआउट की स्थिति भी बनी. फोटो में देखिए सागर का हाल…
रविवार की रात 8:15 से करीब 9:05 बजे सागर जिले के अधिकांश क्षेत्र में गरज चमक और तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश हुई, जिसका सबसे ज्यादा असर स्मार्ट सिटी सागर में देखने को मिला. जहां सड़कों से लेकर बाजार तक और दुकान से लेकर मकान तक सभी पानी पानी हो गए.

बारिश होने की वजह से सागर शहर में करीब 1 घंटे तो ग्रामीण क्षेत्रों में तीन घंटे तक ब्लैकआउट की स्थिति रही. कई जगहों पर पेड़ भी उखड़ कर गिर गए तो कई जगहों पर रास्ते में डालिया टूट कर गिर गईं.

मौसम विभाग में सागर जिले में अगले 24 घंटे के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें संभावना यह भी व्यक्त की गई है कि अचानक कुछ क्षेत्रों में इतनी बारिश भी देखने को मिल सकती है कि बाढ़ जैसे हालात बन सकते हैं.

सागर जिले में 8 जुलाई को रेड अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें 200 मिलीलीटर से अधिक बारिश होने, कहीं कहीं पर बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है.

आधे घंटे हुई बारिश ने स्मार्ट सिटी के द्वारा किए गए 2000 करोड़ के विकास कार्यों की पोल खोल दी है, क्योंकि करोड़ों की लागत से जो स्मार्ट सड़के बनाई गई हैं और किस तरह का काम किया गया है, इस बारिश ने बता दिया है.

सागर में रविवार की रात 70 मिलीलीटर बारिश दर्ज की गई है. यहां पिछले तीन दिन से कभी रुक-रुक कर तो कभी झमाझम बारिश देखने को मिल रही है, जिसकी वजह से छोटे नाले भी उफान पर आ गए हैं.

लगातार हो रही बारिश से तापमान में उतार चढ़ाव देखने को मिल रहा है. शनिवार को 24 डिग्री रहने वाला तापमान रविवार को 29 डिग्री पर पहुंच गया है.

सागर में 20 जून को मानसून की एंट्री हो चुकी थी, लेकिन अभी तक इस तरह की बारिश देखने को नहीं मिली थी. पिछले तीन दिन में सागर जिले में 7 इंच बारिश रिकार्ड की गई है आने वाले तीन दिन बारिश के लिए आज से और भी खतरनाक बताए जा रहे हैं.