मऊगंज बस स्टैंड पर एक पुलिस आरक्षक का नशे में फल विक्रेताओं से वसूली करने का वीडियो सामने आया है। घटना सोमवार शाम 6 बजे की है। बताया जा रहा है कि ये पुलिसकर्मी सीधी में तैनात है। अकसर हफ्ता वसूली के लिए सीधी से मऊगंज आता है।
.
जांच में पता चला है कि वीडियो में दिख रहा पुलिसवाला सीधी जिले का आरक्षक राम प्रसाद रावत है। उसका बैज नंबर 235 है और वह लौर थाना क्षेत्र का रहने वाला है। वीडियो में वह वर्दी पहने अभद्र व्यवहार करते और दुकानदारों से जबरन वसूली करने की कोशिश करते दिख रहा है।
मऊगंज के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह ने इस मामले का संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया यह मऊगंज जिले का पुलिसकर्मी नहीं लग रहा है। वह किसी अन्य जिले का भी हो सकता है। अनुशासनहीनता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
2 तस्वीरें देखिए…

आरक्षक रावत का यह पहला मामला नहीं है। आठ महीने पहले भी उसका एक वीडियो वायरल हुआ था। उस वीडियो में वह मऊगंज कॉलेज के पास शराब के नशे में उत्पात मचाते दिखा था। तब मऊगंज की एसपी रसना ठाकुर ने सीधी एसपी को वीडियो भेजकर कार्रवाई की सिफारिश की थी।
पुलिस विभाग ने कहा है कि वीडियो की पुष्टि और आरक्षक की भूमिका की जांच चल रही है। दोषी पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस तरह की घटनाओं से पुलिस विभाग की छवि खराब हो रही है और जनता का विश्वास कमजोर हो रहा है।