MP Weather: एमपी में बारिश का कहर जारी, उफान पर नर्मदा, बरगी डैम के 17 गेट खुले, आज भी रेड, ऑरेंज अलर्ट

MP Weather: एमपी में बारिश का कहर जारी, उफान पर नर्मदा, बरगी डैम के 17 गेट खुले, आज भी रेड, ऑरेंज अलर्ट


भोपाल. मध्य प्रदेश में मंगलवार को मानसून के स्ट्रॉन्ग सिस्टम से दिनभर बारिश जारी रही. प्रदेश में नर्मदा समेत कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं. वहीं, मंडला, डिंडोरी, श्योपुर, शहडोल और उमरिया जैसे कई जिलों में बाढ़ का कहर जारी है. जबलपुर के बरगी डैम के सभी 17 गेट खोल दिए गए हैं. नर्मदा किनारे रहने वाले लोगों को अलर्ट कर दिया गया है. वहीं, छतरपुर के बांध सुजारा डैम के भी 12 गेट खोले गए हैं, जबकि दमोह में सतधरु और साजली बांध के तीन-तीन गेट व सारणी में सतपुड़ा डैम के 7 गेट खोले गए.

भोपाल के कलियासोत डैम में डूबने से एक युवक की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि युवक तैराकी में माहिर था, लेकिन फिर भी खुद को नहीं बचा पाया. नर्मदापुरम में भारी बारिश के चलते कलेक्टर ने बुधवार को शहर के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया है. साथ ही, बालाघाट में भी कलेक्टर ने कल के लिए छुट्टी की घोषणा की है. मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे के दौरान पूर्वी मध्य प्रदेश के बालाघाट के बारासिवनी में सबसे ज्यादा 353.3 मिमी बारिश दर्ज की गई. वहीं, बेहार (बालाघाट) में 232.2 मिमी, कटंगी (बालाघाट) में 223.7 मिमी, देवरी (रायसेन) में 209.4 मिमी, मटियारी (मंडला) में 203 मिमी और लालबुर्रा (बालाघाट) में 198.9 मिमी बारिश हुई.

इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में बारिश का रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है. इसमें सिवनी, मंडला और बालाघाट में तेज हवा के साथ बिजली गिरने और अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी है. वहीं अनूपपुर, डिंडोरी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा और खंडवा जैसे जिलों में तेज हवा के साथ बिजली गिरने और अति भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी है. साथ ही भोपाल, विदिशा, बुरहानपुर, खरगोन, इंदौर, उज्जैन, देवास, शाजापुर, शहडोल, उमरिया, कटनी, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर और टीकमगढ़ जैसे जिलों में बिजली गिरने के साथ भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी है. वहीं राजगढ़, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, रतलाम, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, निवाड़ी और मैहर जैसे जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है.

जाने अधिकतम/न्यूनतम तापमान
प्रदेश के अधिकतम तापमान वाले जिलों की बात करें तो खजुराहो (छतरपुर) में 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. इसके अलावा सतना में 36.2 डिग्री, सीधी में 35.8 डिग्री, ग्वालियर/दतिया में 35.6 डिग्री और रीवा में 35 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान की बात करें तो पचमढ़ी (नर्मदापुरम) में पारा सबसे कम 15.4 डिग्री दर्ज किया गया. वहीं खंडवा/नरसिंहपुर में 18 डिग्री, खरगोन में 18.2 डिग्री, राजगढ़ में 20.6 डिग्री और बैतूल में 20.8 डिग्री रिकॉर्ड हुआ.

कैसा रहा बड़े शहरों का पारा
प्रदेश के पांच बड़े शहरों के अधिकतम तापमान की बात करें तो ग्वालियर का अधिकतम तापमान सबसे ज्यादा दर्ज किया गया. यहां पारा 35.6 डिग्री दर्ज हुआ. इसके अलावा जबलपुर का अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री, उज्जैन का 29 डिग्री, भोपाल का 28.2 डिग्री और इंदौर का 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ.



Source link