MP: टीकमगढ़ में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, घर में शव मिलने से फैली सनसनी | tikamgarh – News in Hindi

MP: टीकमगढ़ में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, घर में शव मिलने से फैली सनसनी | tikamgarh – News in Hindi


मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ में एक परिवार के 5 सदस्यों की मौत से मचा हड़कंप.

टीकमगढ़ जिले (Tikamgarh) में सरकारी नौकरी से रिटायर शख्स के परिवार के पांचों सदस्यों के शव फांसी के फंदे से लटके मिले. पुलिस वारदात के पीछे के कारणों की कर रही पड़ताल.

टीकमगढ़. मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस (COVID-19) के संक्रमण की रोकथाम के बीच टीकमगढ़ जिले (Tikamgarh) में एक ही परिवार के 5 लोगों की रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है. खरगापुर इलाके में पांच लोगों के शव रविवार सुबह उनके घर में फांसी के फंदों पर लटके मिले हैं. मृतकों में दो पुरुष, दो महिलाएं और 4 साल का एक बच्चा भी है. टीकमगढ़ जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर खरगापुर में एक ही घर से 5 शव मिलने के बाद पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है. सरकारी नौकरी से रिटायर होने के बाद एक शख्स और उसके परिवार के 4 अन्य लोगों की मौत से आसपास के इलाके के लोग भी हैरान हैं. फिलहाल घटना के कारणों का पता नहीं चला है. सूचना पर पहुंची पुलिस की टीम मामले की जांच में जुट गई है.

टीकमगढ़ जिले के पुलिस अधीक्षक प्रशांत खरे ने बताया, ‘‘खरगापुर में आज सुबह धर्मदास सोनी (62) के परिवार के सभी पांच सदस्यों के शव पुलिस ने फांसी पर लटके हुए बरामद किए हैं.’’ उन्होंने कहा कि मृतकों में धर्मदास सोनी, उनकी पत्नी पूना (55), उनका बेटा मनोहर (27), बहू सोनम (25) एवं चार साल का पोता सान्निध्य शामिल हैं. मध्य प्रदेश सरकार की नौकरी से सेवानिवृत्त धर्मदास और उनके परिवार के सदस्यों ने आत्महत्या की या उनकी हत्या कर दी गई, इस बारे में छानबीन की जा रही है.

एसपी प्रशांत खरे ने कहा कि जब परिवार के सदस्य सुबह देर तक नहीं जागे, तो उनके पड़ोसियों ने खरगापुर पुलिस थाने को इसकी जानकारी दी. इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची. उन्होंने कहा कि जिस कमरे में ये लोग मृत पाए गए हैं, उस कमरे में अंदर से ताला लगा था. पुलिस की टीम के पहुंचने के बाद जब दरवाजे की कुंडी तोड़ी गई और अंदर का हाल देख वहां मौजूद लोग हक्के-बक्के रह गए.

एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत से खरगापुर के लोग हैरान हैं. पुलिस को अभी तक इस घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है. एसपी प्रशांत खरे ने बताया कि घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है. उन्होंने कहा कि हम विभिन्न कोणों से उनकी मौत के कारणों की जांच कर रहे हैं और विस्तृत जांच के बाद ही घटना की सच्चाई सामने आएगी. (इनपुट – भाषा)





Source link