एसपी डॉक्टर गुरकरन सिंह ने विद्यार्थियों को अभियान की जानकारी दी।
मध्यप्रदेश पुलिस ने मंगलवार से “नशे से दूरी है जरूरी” शीर्षक से जनजागरूकता अभियान की शुरुआत की। 30 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य युवाओं और नागरिकों को नशीले पदार्थों के दुरुपयोग से बचाना तथा नशे की लत से मुक्त कराना है।
.
एसपी डॉ. गुरकरन सिंह ने मंगलवार को प्रेस वार्ता में नशामुक्ति अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि नशे की लत बच्चों और युवाओं को बर्बाद कर देती है। उन्होंने बच्चों से नशे से दूर रहकर पढ़ाई पर ध्यान देने और अपने भविष्य की दिशा तय करने का आह्वान किया। इस दौरान डीएसपी मोहन सारवान, साइबर सेल प्रभारी प्रवीण चौहान मौजूद रहे।
पचमढ़ी मेले में चलाएंगे जनजागरूकता अभियान
एसपी ने बताया कि सावन माह में पचमढ़ी में आयोजित होने वाले नागद्वारी मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु आएंगे। मेले में व्यापक स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिसमें श्रद्धालुओं और युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक किया जाएगा।
नशामुक्ति अभियान के पहले दिन पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर पंपलेट वितरण, पोस्टर प्रदर्शन और संवाद सत्रों का आयोजन कर लोगों को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों से अवगत कराया। कार्यक्रमों में नशे के दुष्परिणाम, लत के लक्षण और बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

एसपी डॉक्टर गुरकरन सिंह ने बच्चों को नशे की दुष्परिणाम बताएं।
एसपी बोले- नशे से दूर रहें और दूसरों को भी प्रेरित करें
नर्मदापुरम पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे इस अभियान में सहभागिता करें, नशे से दूर रहें और दूसरों को भी प्रेरित करें। पुलिस ने कहा कि नशा न केवल स्वास्थ्य के लिए घातक है, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र के भविष्य को भी प्रभावित करता है। एसपी डॉक्टर सिंह ने एक स्कूली विद्यार्थियों की क्लास भी ली। उन्हें नशे से दूर रहकर सही दशा और दिशा तय करने के लिए प्रेरित किया।
नशा मुक्ति सहायता के लिए इन नंबरों पर करें कॉल
- मानसिक हेल्पलाइन: 1933
- नेशनल सुसाइड हेल्पलाइन: 14416
- नशा मुक्ति हेल्पलाइन: 14446
- मध्यप्रदेश पुलिस नारकोटिक्स विभाग: 7049100785.