जर्जर भवन की शिकायत की तो महिला को पीटा: पड़ोसी साथियों के साथ पीड़िता के घर पहुंचा, पत्थर फेंके, धमकी भी दी – Jabalpur News

जर्जर भवन की शिकायत की तो महिला को पीटा:  पड़ोसी साथियों के साथ पीड़िता के घर पहुंचा, पत्थर फेंके, धमकी भी दी – Jabalpur News


महिला ने एसपी ऑफिस में शिकायत की।

बारिश के मौसम में जबलपुर नगर निगम जर्जर मकानों को गिराने का काम कर रहा है। इसी दौरान भारत कॉलोनी की एक महिला ने नगर निगम को सूचना दी कि उनके पड़ोस में एक पुराना और कमजोर मकान है, जिसमें कुछ लोग रह रहे हैं। अगर मकान गिरा तो बड़ा हादसा हो सकता है।

.

नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची, जांच की और लौट गई। लेकिन इसके बाद दो दिन तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। जब इस बात की जानकारी उस मकान के मालिक को लगी तो वह नाराज हो गया।

महिला का आरोप है कि पड़ोसी छोटू सोनी उनके घर आया, गाली-गलौच की और पत्थर फेंके। जिससे वह और उनका परिवार बाल-बाल बच गया। इतना ही नहीं, 11 जुलाई को छोटू सोनी अपने साथियों आयुष और जय के साथ आया और महिला के पति के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। इसके बाद धमकी देकर फरार हो गया।

घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है।

पीड़ित महिला का नाम सीमा श्रीवास्तव है। उन्होंने बताया कि जिस जर्जर मकान की शिकायत उन्होंने की थी, उसकी दीवार उनके मकान से सटी हुई है। हादसे की स्थिति में दोनों परिवारों को खतरा है। इसीलिए उन्होंने निगम को सूचना दी थी।

सीमा श्रीवास्तव ने यह शिकायत जबलपुर एएसपी सूर्यकांत शर्मा से की और घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सौंपा।

एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने गढ़ा थाना प्रभारी को निर्देश दिए हैं कि महिला की शिकायत की गंभीरता से जांच की जाए और जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।



Source link