पचमढ़ी में महादेव मंदिर के टेंडर को लेकर एक रेस्टोरेंट में मारपीट का मामला सामने आया है। बुधवार को रेस्टोरेंट में हुई इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
.
रेस्टोरेंट संचालक राहुल मिश्रा के मुताबिक, मंगलवार को महादेव मंदिर चढ़ोत्तरी का टेंडर उनके नाम खुला था। इसी बात से नाराज होकर कुछ लोगों ने उनकी अनुपस्थिति में रेस्टोरेंट में घुसकर उनके छोटे भाई राजा मिश्रा के साथ मारपीट की।
उन्होंने मारपीट का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर डाला है। घटना के दौरान वे नहीं थे उसी दौरान यह वारदात हुई।
हमलावर भाजपा से जुड़े स्थानीय लोग
राहुल ने आरोप लगाया कि हमलावर भाजपा से जुड़े स्थानीय लोग हैं। उन्होंने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए कहा उनका परिवार बाहर का है जबकि आरोपी स्थानीय है।। पीड़ित राजा मिश्रा ने संदीप यादव और अन्य लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है। नागरिकों ने इस घटना पर रोष जताते हुए कहा ऐसा नहीं होना चाहिए।
पुलिस बोली- दोनों पक्षों में समझौता हो गया
थाना प्रभारी अनूप उईके ने बताया कि मामले में पीड़ित राजा मिश्र और मारपीट के आरोपी संदीप और अन्य के बीच थाने में समझौता हो गया है। इस वजह से कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।