शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्र में तीन महिलाओं को दहेज के लिए मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने के मामले सामने आए है। तीनों ही मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
.
राजेंद्र नगर पुलिस के मुताबिक पीड़िता की शिकायत पर उसके पति के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पीड़िता इंदौर की रहने वाली है और 2023 में उसकी मुंबई में शादी हुई थी। पुलिस ने मामले में पति परेश सहित चार लोगों पर केस दर्ज किया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि पति व ससुराल वाले उसे 10 लाख रुपए दहेज की मांग को लेकर शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे है। पति ने यहां तक कह दिया कि 10 लाख रुपए नहीं लाएगी तब तक वह संबंध नहीं बनाएगा और दूसरी लड़की से शादी करने की भी धमकी दी।
इधर, 2 लाख दहेज की मांग कर रहा था पति
वहीं परदेशीपुरा पुलिस के मुताबिक क्षेत्र में रहने वाली महिला की शिकायत पर पति शुभम के खिलाफ केस दर्ज किया है। पति उसे 2 लाख रुपए दहेज की मांग कर रहा था। इसके लिए वह उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। वहीं तीसरा मामला महिला थाने का है। महिला थाना पुलिस के मुताबिक पीड़िता की शिकायत पर भोपाल निवासी पति उमर सहित परिवार के लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि पति व ससुराल के लोगों ने उसके साथ मारपीट की और दहेज की मांग की। साथ ही तीन तलाक का बोलकर शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। तीनों ही मामलों में पुलिस जांच कर रही है।