बड़वानी जिले के राजपुर नगर में गुरुवार को एक पागल कुत्ते ने आतंक मचा दिया। कुत्ते ने एक साथ 25 लोगों को काट लिया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
.
पागल कुत्ता जिसे भी सामने देखता, उसे काट लेता था। एक के बाद एक घायल लोग उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। इससे अस्पताल में घायलों की भीड़ लग गई। डॉक्टरों ने सभी घायलों का उपचार किया।
डॉक्टर देवेंद्र रोमड़े ने बताया कि सुबह से कुत्ते काटने के मामले लगातार आ रहे हैं। घायलों में 3 वर्ष से लेकर 50 वर्ष तक के लोग शामिल हैं। इनमें लक्ष्मी, प्रार्थना, युवराज, सीमा, नानिया भाया, खुशबू, वीरेंद्र, लवि, त्रिलोक, विकास, जितेंद्र, भारत, रविता, अथर्व, सोहेल, रामा, विशाल, रेखा, मुन्नीबाई और श्याम शामिल हैं।
इस घटना से प्रशासन की लापरवाही भी उजागर हुई है। नगर में आए दिन जगह-जगह कुत्तों के झुंड आसानी से दिखाई देते हैं। लेकिन इन्हें पकड़ने की कोशिश जिम्मेदारों ने अब तक नहीं की। जिस समय पागल कुत्ता लोगों को काट रहा था, उस दौरान भी विभिन्न स्थानों पर कुत्तों के झुंड मौजूद थे।
इस संबंध में सीएमओ जगदीश धनगर ने कहा कि उन्हें सूचना मिल चुकी है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह नगर के सभी आवारा कुत्तों को पकड़ने का काम शुरू करवा दिया जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को इस समस्या पर तुरंत ध्यान देना चाहिए।


