भारत और इंग्लैंड के बीच खेली गई 5 मैचों की रोमांचक टेस्ट सीरीज 2-2 की बराबरी पर रही. सीरीज का आखिरी और निर्णायक मैच लंदन के ओवल मैदान पर खेला गया, जिसमें भारत ने इंग्लैंड को 6 रन के करीबी अंतर से हराकर सीरीज ड्रॉ कराने में कामयाबी पाई. यह सीरीज उतार-चढ़ाव से भरी रही, जिसमें दोनों टीमों ने एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दी. 5वें टेस्ट के बाद इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने सीरीज और मैच को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी. बता दें कि स्टोक्स चोटिल होने के चलते आखिरी टेस्ट का हिस्सा नहीं थे. उनकी जगह इस मुकाबले में ओली पोप ने कप्तानी की.
क्या बोले बेन स्टोक्स?
स्टोक्स ने मैच से खुद से बाहर रहने पर निराशा व्यक्त करते हुए कहा, ‘जाहिर है, जब आप किसी मैच में हिस्सा नहीं ले पाते, तो यह हमेशा मुश्किल होता है.’ मैच को लेकर स्टोक्स ने कहा, ‘5वें दिन तक एक और कड़ा मुकाबला. दोनों टीमों ने इस पूरी सीरीज में बहुत ऊर्जा और मेहनत लगाई है. इसका हिस्सा बनना वाकई शानदार रहा है. लेकिन हां, इस बात से बेहद निराश हूं कि हम यहां जीत हासिल नहीं कर पाए. यह एक ऐसी सीरीज है जिसके लिए मुझे अपनी टीम पर और उन्होंने इसमें जो कुछ भी किया है, उस पर बहुत गर्व है.’