टशन में गोलीबारी करने वाले तीनों बदमाश
ग्वालियर में सिर्फ टशन दिखाने और दहशत फैलाने के लिए गोलियां चलाने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इन बदमाशों ने चार दिन पहले कंपू क्षेत्र के माणिक की गोठ स्थित गड्ढा वाला मोहल्ला में फायरिंग की थी।
.
पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। जांच में पता चला कि आरोपी कमानी पुल के पास देखे गए हैं, जिसके बाद चार दिन की मशक्कत के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल तीनों से पूछताछ की जा रही है।
शिकायत के बाद सक्रिय हुई पुलिस
कंपू थाना प्रभारी अमर सिंह सिकरवार ने बताया कि चार दिन पहले मोहल्ला निवासी किशोर पुत्र संतोष माठौले ने शिकायत दर्ज कराई थी कि शुक्रवार की रात वह घर के पास एक दुकान पर सामान लेने गया था। वहीं पर एलएक्स खरे, आशीष, और विपुल खड़े थे।
किशोर ने बताया कि इन तीनों से उसकी पुरानी रंजिश है, इसलिए उसने उन्हें अनदेखा कर वहां से निकलना ही ठीक समझा। लेकिन जैसे ही उन्होंने किशोर को देखा, तो पुरानी दुश्मनी के चलते गाली-गलौज शुरू कर दी।
जब किशोर ने विरोध किया, तो बदमाशों ने उसे डराने के लिए फायरिंग कर दी। गोली चलने से इलाके में दहशत फैल गई। इसके बाद पीड़ित किशोर ने कंपू थाने जाकर तीनों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
कमानी पुल से दबोचे गए आरोपी
शिकायत के बाद पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज की और आरोपियों की गिरफ्तारी की जिम्मेदारी सब इंस्पेक्टर रूद्र पाठक को सौंपी। जांच में जानकारी मिली कि सभी आरोपी सोमवार रात को कमानी पुल के पास देखे गए हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया और थाने ले आई।
कंपू थाना प्रभारी अमर सिंह सिकरवार ने बताया कि फायरिंग करने वाले आरोपी पकड़ लिए गए हैं। उनसे पूछताछ जारी है और हथियार बरामद करने की कोशिश की जा रही है।