सम्यक समाज संघ (एस-3) ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव किया।
ग्वालियर में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा विवाद को लेकर सम्यक समाज संघ (एस-3) ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
.
संघ के सदस्यों ने अल्टीमेटम दिया है कि जब तक गौरव व्यास, अनिल मिश्रा और आनंद स्वरूप बाबा पर मुकदमा दर्ज नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उनका आरोप है कि इन लोगों ने न सिर्फ बहुजन वर्ग का अपमान किया है, बल्कि आनंद स्वरूप ने जातिसूचक शब्द का इस्तेमाल कर भाषा की मर्यादा भी लांघी है।
मामला हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ परिसर में बाबा साहब की प्रतिमा स्थापना का है। 3 महीने पहले तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश के आदेश के बावजूद अब तक प्रतिमा स्थापित नहीं की गई है। कुछ वकील इसका विरोध कर रहे हैं और संविधान के असली निर्माता डॉ. बीएन राव को बता रहे हैं।
सम्यक समाज संघ के संयोजक लाखन सिंह बौद्ध का कहना है कि ग्वालियर के वकील और ऊंची जाति के लोग बाबा साहब का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे पैदल भोपाल कूच करेंगे और मुख्यमंत्री कार्यालय व निवास पर धरना देंगे।