कौशल ही कल है, इस सोच को साकार करते हुए मध्यप्रदेश के युवाओं ने एक और उपलब्धि हासिल की। राज्य सरकार के कौशल विकास प्रयासों से प्रशिक्षित युवाओं को मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय कंपनियों से ऑफर लेटर मिले।
.
भोपाल के वल्लभ भवन में आयोजित समारोह में मध्यप्रदेश के कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. गौतम टेटवाल ने आईटीआई में प्रशिक्षण लेने वाले 51 स्टूडेंट्स को अंतरराष्ट्रीय कंपनियों में चयन के लिए ऑफर लेटर दिए। यह स्टूडेंट्स अबू धाबी (UAE), जापान, नाइजीरिया और स्लोवाकिया की प्रतिष्ठित कंपनियों में अपनी सेवाएं देंगे।
कार्यक्रम में मंत्री ने चयनित युवाओं से संवाद किया और उनके कौशल एवं मेहनत की सराहना की। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के कुशल युवा अब वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बना रहे हैं। यह हमारे प्रशिक्षण संस्थानों की गुणवत्ता और वैश्विक मानकों के अनुरूप कौशल विकास का प्रमाण है।
ग्लोबल स्किल्स पार्क के छात्रों को भी मिली सफलता
समारोह में संत शिरोमणि रविदास ग्लोबल स्किल्स पार्क (SSRGSP) के 5 छात्रों को भी ऑफर लेटर दिए गए। मंत्री ने इस अवसर पर SSRGSP का प्लेसमेंट ब्रोशर भी लोकार्पित किया, जिसमें अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर चयनित छात्रों की जानकारी और सफलता की कहानियां संकलित हैं। SSRGSP के अब तक 18 छात्रों को अंतरराष्ट्रीय प्लेसमेंट मिल चुका है।
उभरती तकनीकों में प्रशिक्षण और ऑफर भारत सरकार की संकल्प योजना के तहत, मध्यप्रदेश राज्य कौशल विकास एवं रोजगार निर्माण बोर्ड (MPSSDEGB) और IIT दिल्ली के सहयोग से IoT, AI, AR/VR और ब्लॉक-चेन जैसी उभरती तकनीकी क्षेत्रों में प्रशिक्षण प्राप्त 5 आईटीआई प्रशिक्षुओं को कंप्लीशन सर्टिफिकेट और प्री-प्लेसमेंट ऑफर दिए गए। अब तक इस योजना के तहत 1,516 प्रशिक्षणार्थी सर्टिफिकेट प्राप्त कर चुके हैं।
कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय कंपनियों में चयनित युवाओं ने अपने अनुभव साझा किए और अन्य युवाओं को बेहतर कौशल हासिल कर वैश्विक अवसरों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।