आगर मालवा में बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADG) एवं पुलिस महानिरीक्षक उमेश जोगा की अध्यक्षता में अपराध समीक्षा बैठक हुई। इसमें जिले में दर्ज अपराधों की स्थिति और कानून व्यवस्था की समीक्षा की गई।
.
एडीजी उमेश जोगा ने सभी लंबित प्रकरणों को जल्द से जल्द निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से महिला और बच्चों से जुड़े मामलों की विवेचना में देरी न करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि साक्ष्य संकलन, आरोपियों की गिरफ्तारी और समय पर चार्जशीट पेश की जाए।
सीएम हेल्पलाइन और साइबर अपराध
बैठक में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समय पर निराकरण करने और शिकायतकर्ताओं से संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही साइबर अपराधों पर भी तत्काल कार्रवाई करने और तकनीकी सबूतों के आधार पर जांच करने के आदेश दिए गए। लोगों को जागरूक करने के लिए शिविर लगाने पर भी जोर दिया गया।
सुरक्षा और आगामी त्योहारों की तैयारी
महिला सुरक्षा को लेकर थानों में महिला डेस्क को सक्रिय रखने और संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ाने को कहा गया। आगामी त्योहारों को देखते हुए भीड़भाड़ वाली जगहों पर गश्त, रूट मार्च और नाकाबंदी बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी और शांति समिति की बैठकों के माध्यम से सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में जब्त वाहनों के निपटान, ई-एफआईआर, जीरो एफआईआर और यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। बैठक के बाद एडीजी ने बाबा बैजनाथ महादेव मंदिर का भी निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और एसपी विनोद कुमार सिंह ने उन्हें मंदिर की तस्वीर भेंट की। एडीजी जोगा ने करीब 9 महीने बाद यहां यह समीक्षा बैठक की है।