Last Updated:
Rakshabandhan Special Recipe: इस बार रक्षाबंधन पर बाजार से खरीदने के बजाय आप घर पर ही साबूदाना से एक खास मिठाई झटपट तैयार कर सकते है. जो स्वादिष्ट तो है साथ ही फलाहार के रूप में भी खाई जा सकती है.
रक्षाबंधन का त्योहार भाई और बहन के रिश्ते में प्यार, विश्वास का त्योंहार है. हर साल सावन महीने की पूर्णिमा को यह पर्व पूरे देश में धूमधाम से मनाया जाता है. इस दिन बहनें भाई की कलाई पर राखी बांधती हैं और मिठाई खिलाकर उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की दुआ करती हैं. लेकिन, मिठाई के बिना यह त्यौहार अधूरा लगता है.

अक्सर त्यौहार के मौसम में बाजार में मिठाइयों की मांग बढ़ जाती है, जिससे मिलावट की आशंका भी बढ़ जाती है. मिठाइयों में मिलावटी मावा, केमिकल युक्त रंग और सस्ते तेलों का इस्तेमाल स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है. लेकिन इस बार अगर आप चाहें तो घर पर ही एक खास मिठाई बनाकर त्योहार को और भी यादगार बना सकती हैं.

इस रक्षाबंधन पर आप बाजार से मिठाई लेने के बजाय घर पर ही साबूदाने की बर्फी बना सकती हैं, जो स्वादिष्ट होने के साथ-साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद है. खास बात ये है पूर्णिमा के दिन व्रत रखने वाली बहने भी इस मिठाई को खा सकती है. क्योंकि, साबूदाना फलाहार में आता है. अक्सर, भाई को राखी बांधने और मिठाई खिलाने के बाद बहन खुद मिठाई नहीं खा पातीं.

वहीं, व्रत में अधिकांश बाजार की मिठाइयां मान्य नहीं होतीं. साबूदाने की बर्फी एक ऐसी मिठाई है जो व्रत में भी खाई जा सकती है. इसमें साबूदाने के साथ दूध, घी, मेवा और इलायची, ड्रायफ्रूट्स का स्वाद होता है, जो इसे खास बनाता है. इस मिठाई को बनाना भी बहुत आसान है और इसमें ज्यादा समय भी नहीं लगता.

सबसे पहले 1 कप साबूदाने को एक कड़ाही में धीमी आंच पर भूनें. जब इसका रंग हल्का बदल जाए और यह कुरकुरा हो जाए तो इसे ठंडा करके मिक्सर में बारीक पाउडर बना लें. अलग बर्तन में 2 कप दूध को धीमी आंच पर गाढ़ा होने तक उबालें, ताकि इसका स्वाद और मिठास बढ़ सके.

अब एक कड़ाही में 2 चम्मच घी डालकर गर्म करें और उसमें तैयार साबूदाने का पाउडर डालें. धीमी आंच पर इसे चलाते रहें ताकि इसका स्वाद और खुशबू अच्छे से निखर जाए. इसके बाद इसमें गाढ़ा किया हुआ दूध डालें और लगातार चलाते रहें, ताकि मिश्रण में गुठलियां न बनने पाए.

मिश्रण में अब स्वादानुसार चीनी डालें और तब तक पकाएं जब तक यह गाढ़ा होकर आटे जैसा न हो जाए. इस समय पर इसमें 2 बड़े चम्मच कटे हुए काजू और इतने ही बादाम डालें और साथ ही आधा चम्मच इलायची पाउडर भी मिला दें. इलायची की खुशबू इस बर्फी को और भी लाजवाब बना देती है.

एक थाली या ट्रे में घी लगाकर उसे चिकना करें. तैयार मिश्रण को इसमें डालकर अच्छे से फैला दें. ऊपर से भी थोड़ा सा कटा हुआ काजू-बादाम छिड़कें और हल्के हाथों से दबा दें, ताकि सजावट अच्छे से सेट हो जाए. अब इसे ठंडा होने दें, फिर मनचाहे आकार में काट लें. आपकी साबूदाना बर्फी बनकर तैयार है.

बता दे कि, त्योहार पर घर में बनी मिठाई की खुशबू ओर स्वाद बाजार से खरीदी गई किसी भी मिठाई से अलग होता है. इस रक्षाबंधन पर अगर आप भी भाई को अपनी मेहनत और प्यार से बनी साबूदाने की बर्फी खिलाएंगी, तो यह दिन हमेशा दिल में बसा रहेगा.