राजगढ़ में एक कियोस्क सेंटर में आग लग गई। जिससे वहां रखे गैस सिलेंडरों में एक-एक कर ब्लास्ट होने लगे। गैस सिलेंडर बम की तरह फटे। आग की लपटें करीब 100 फीट की ऊंचाई तक उठी।
.
ये घटना शनिवार शाम की जिले के जीरापुर थाना क्षेत्र के गागोरनी की है। जहां बस स्टैंड पर स्थित एक कियोस्क सेंटर में आग लगी। दूर से ही लपटें दिखाई दे रही थी। बताया जा रहा है कि सिलेंडर के ठीक पास किसी वजह से आग लगने से यह हादसा हुआ।
स्थानीय लोगों ने बताया- दुकान में रखे गैस सिलेंडर एक के बाद एक तेज धमाकों के साथ फटने लगे। 5 से ज्यादा धमाकों की आवाज आई। इससे स्टैंड पर अफरा-तफरी मच गई। लोग दहशत में इधर-उधर भागने लगे।
दूर तक दिखाई दिया काला धुआं लपटों के साथ उठता काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और खिलचीपुर तहसीलदार विनीत गोयल मौके पर पहुंचे। तहसीलदार ने बताया कि आग लगी दुकान प्रेम सिंह लववंशी की है।
अधिकारियों ने कहा कि आग और धमाके के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। दुकान से इंडेन कंपनी के कुछ सिलेंडर बरामद किए गए हैं और मामले की विस्तृत जांच जारी है। कितने सिलेंडर में ब्लास्ट हुआ अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है।
बता दें कि दुकानों में रखकर अवैध रूप से गैस सिलेंडर बेचने की शिकायत पर कुछ दिनों पहले प्रशासन ने क्षेत्र में कार्रवाई की थी।
घटना की चार तस्वीरें…
एक के बाद एक 5 धमाके हुए, जिसकी आवाज दूर तक सुनाई दी।

आग से लपटें करीब 100 फीट तक ऊपर उठीं।

एक-एक कर 5 से धमाकों की आवाज सुनाई दी।

इसी कमरे में कियोस्क सेंटर संचालित हो रहा है।
जीरापुर के टीआई रवि ठाकुर ने दैनिक भास्कर को बताया- 3 से 4 गैस सिलेंडर ब्लास्ट हुए हैं। बताया जा रहा है कि ये सिलेंडर कियोस्क सेंटर में रखे थे। जो व्यक्ति है प्रेम सिंह लववंशी, वह वहां अभी मिला नहीं है। वहां मिलेगा और कोई दस्तावेज प्रस्तुत करेगा तो मानेंगे कि वैध हैं, नहीं तो अवैध ही माने जाएंगे, जो सिलेंडर फटे हैं वह हमने बरामद कर लिए हैं। उनके टुकड़े हो गए हैं तो जोड़कर समझना पड़ेगा कि कितने सिलेंडर थे। मौके पर एडिशनल एसपी आए थे, अभी इस मामले में जांच चल रही है।