शाजापुर जिला मुख्यालय में मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान पोलायकलां नगर के 100 से अधिक दलित परिवारों ने कलेक्टर को आवेदन सौंपा। इन परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना से बाहर कर दिया गया है।
.
आवेदकों ने बताया कि उनके पास केवल कच्चे मकान हैं। पोलायकलां नगर परिषद की सूची की प्रशासनिक जांच में उन्हें अपात्र घोषित कर दिया गया। कलेक्टर से मिलने की मांग को लेकर नगरवासी जनसुनवाई कक्ष के बाहर धरने पर बैठ गए। शाजापुर एसडीएम मनीषा वास्कले ने प्रभावितों से बातचीत कर जांच का आश्वासन दिया।
वार्ड नंबर 8 के पार्षद प्रतिनिधि विनोद मालवीय के अनुसार 2017 से अब तक इन लोगों के नाम सर्वे में शामिल नहीं किए गए। सभी प्रभावित अनुसूचित जाति से हैं। उनके मकान बारिश में गिरने की स्थिति में हैं।

पोलायकलां की राजलबाई का कहना है कि प्लॉट खरीदने और रजिस्ट्री करवाने के बावजूद उन्हें योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। उनका कच्चा मकान जर्जर स्थिति में है। प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की गई है।