पहलवान सुशील कुमार की जमानत रद्द, फिर जेल जाना होगा: सुप्रीम कोर्ट का ऑर्डर- एक हफ्ते में सरेंडर करें, रेसलर सागर हत्याकांड में आरोपी – Panipat News

पहलवान सुशील कुमार की जमानत रद्द, फिर जेल जाना होगा:  सुप्रीम कोर्ट का ऑर्डर- एक हफ्ते में सरेंडर करें, रेसलर सागर हत्याकांड में आरोपी – Panipat News


पहलवान सुशील कुमार की फाइल फोटो।

हरियाणा के दो बार के ओलिंपिक पदक विजेता पहलवान सुशील कुमार को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। जूनियर नेशनल रेसलिंग चैंपियन सागर धनखड़ हत्या मामले में कोर्ट ने उनकी जमानत रद्द कर दी और सात दिनों के भीतर आत्मसमर्पण करने का आदेश दिया है।

.

न्यायमूर्ति संजय करोल और न्यायमूर्ति प्रशांत कुमार मिश्रा की पीठ ने दिल्ली हाई कोर्ट के 4 मार्च के जमानत आदेश को पलटते हुए मृतक सागर के पिता अशोक धनखड़ की याचिका को मंजूर किया। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि जमानत मिलने के बाद सुशील कुमार ने गवाहों को धमकाया और साक्ष्यों से छेड़छाड़ की।

सागर धनखड़ की हत्या में सुशील कुमार और उनके साथियों पर संपत्ति विवाद को लेकर हमला करने का आरोप है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार, सागर की मौत सिर में गंभीर चोट लगने से हुई थी। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद अब सुशील कुमार को पुलिस के सामने आत्मसमर्पण करना होगा, अन्यथा उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

सुशील और उसके साथी को 23 मई 2021 को दिल्ली पुलिस ने मुंडका से गिरफ्तार किया था। – फाइल फोटो

दिल्ली हाईकोर्ट से मिली थी जमानत दिल्ली हाईकोर्ट ने पहलवान सागर हत्या कांड के आरोपी रहे सुशील कुमार को 5 महीने पहले शर्त के आधार पर जमानत दी थी। सागर धनखड़ के चाचा नरेंद्र ने बताया कि दिल्ली हाई कोर्ट द्वारा सुशील को दी गई जमानत के खिलाफ दो दिन बाद ही सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी। सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के बाद जमानत को रद्द कर एक सप्ताह के भीतर सरेंडर करने के आदेश दिए गए हैं।

4 साल से तिहाड़ जेल में बंद था जानकारी के मुताबिक सुशील कुमार जूनियर पहलवान सागर धनखड़ हत्याकांड मामले में 4 साल से तिहाड़ जेल में बंद था। 5 महीने पहले हाईकोर्ट ने उसे 50 हजार के बॉन्ड और इतनी ही राशि के जमानतदारों की गारंटी पर रिहा किया था। इस फैसले पर मृतक सागर धनखड़ के परिवार ने नाराजगी जताई थी। सागर के माता-पिता लगातार सुशील के खिलाफ न्याय की लड़ाई लड़ रहे हैं और उनकी मांग है कि बेटे की हत्या का बदला केवल फांसी हो।

2021 में हुआ था हमला सुशील कुमार पर आरोप है कि उसने 2021 में दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम की पार्किंग में सागर धनखड़ और उसके दो दोस्तों पर जानलेवा हमला किया था, जिसमें सागर की मौत हो गई थी। जांच में पता चला कि यह हमला युवा पहलवानों में वर्चस्व और प्रॉपर्टी विवाद के कारण हुआ था।

सर्जरी के लिए मिली थी अंतरिम जमानत जुलाई 2023 में सर्जरी के लिए सुशील को 7 दिन की अंतरिम जमानत मिली थी। रोहिणी कोर्ट ने आदेश दिया था कि इस दौरान उसके साथ 24 घंटे 2 सुरक्षाकर्मी रहेंगे। यह जमानत 23 जुलाई से 30 जुलाई तक के लिए थी, जिसके लिए 1 लाख का निजी बॉन्ड भरना पड़ा था।

4 मई 2021 की रात का घटनाक्रम चार्जशीट के मुताबिक, 4 मई 2021 को रात करीब 1 बजे छत्रसाल स्टेडियम के पार्किंग एरिया में पहलवानों के दो गुटों में झड़प हुई थी। फायरिंग भी हुई, जिसमें 5 पहलवान घायल हुए। सागर ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें सुशील कुमार हॉकी से सागर को पीटते नजर आया था। यह वीडियो खुद सुशील ने बनवाया था।

विवाद की शुरुआत फ्लैट से साल 2019 में सुशील कुमार ने अपनी पत्नी के नाम 90 लाख रुपए का फ्लैट खरीदा और 40 हजार रुपए महीने के किराए पर सागर धनखड़ व उसके दोस्तों को दे दिया। फरवरी 2020 में पार्किंग विवाद के बाद सुशील ने सागर को फ्लैट खाली करने को कहा, लेकिन सागर ने मना कर दिया। इसके बाद विवाद बढ़ा और सुशील ने कथित तौर पर बदला लेने की योजना बनाई।

सुशील कुमार का रेसलिंग करियर 2 बार के ओलिंपिक मेडलिस्ट सुशील कुमार ने करियर की शुरुआत दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम से की थी। 14 साल की उम्र में अखाड़े से जुड़कर उन्होंने कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं जीतीं। उन्हें मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार भी मिला और 2014 व 2018 के कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीते।

हम इस खबर को लगातार अपडेट कर रहे हैं…



Source link