मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश के मालवा-निमाड़ संभाग में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. बता दें, प्रदेश में सबसे कम बारिश इसी संभाग के इंदौर उज्जैन जैसे जिलों में हुई है. साथ ही शाजापुर, खंडवा, बड़वानी, खरगोन, धार, देवास और बुरहानपुर जैसे जिलों में भी सामान्य से कम बारिश हुई है. प्रदेश में अब तक औसत से 27% अधिक बारिश हो चुकी है. इसमें पूर्वी मध्य प्रदेश में औसत से करीब 33% तो वहीं पश्चिम मध्य प्रदेश में औसत से 21% ज्यादा बारिश दर्ज की गई है.
कुछ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए प्रदेश के नर्मदापुरम, बैतूल और हरदा जिले में वज्रपात के साथ अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. साथ ही रायसेन, सीहोर, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, धार, इंदौर, देवास, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, अनूपपुर, डिंडोरी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट और पांढुर्णा में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना है. वहीं भोपाल, विदिशा, राजगढ़, अलीराजपुर, झाबुआ, रतलाम, उज्जैन, शाजापुर, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, दतिया, भिंड, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, शहडोल, उमरिया, कटनी, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और मैहर जैसे जिलों में हल्की बारिश हो सकती है.
प्रदेश के अधिकतम तापमान वाले जिलों की बात करें, तो खजुराहो (छतरपुर) में 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. इसके अलावा टीकमगढ़ में 34.2 डिग्री, सतना में 33.2 डिग्री, उमरिया में 33.1 डिग्री और दमोह/मंडला में 33 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान पचमढ़ी (नर्मदापुरम) में 19 डिग्री दर्ज किया गया. खंडवा/शिवपुरी में 20 डिग्री, खरगोन में 20.2 डिग्री, नरसिंहपुर में 20.6 डिग्री और राजगढ़ में 21.4 डिग्री रिकॉर्ड हुआ.
कैसा रहा बड़े शहरों का पारा
प्रदेश के पांच बड़े शहरों के अधिकतम तापमान की बात करें, तो जबलपुर का अधिकतम तापमान सबसे ज्यादा दर्ज किया गया. यहां पारा 31.5 डिग्री दर्ज हुआ. इसके अलावा भोपाल का 31.3 डिग्री, ग्वालियर का 31.1डिग्री, उज्जैन का 29.5 डिग्री, इंदौर का 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ.