Last Updated:
Bhopal Janmashtami Shopping: जन्माष्टमी पर अगर अब तक आपने कान्हा के कपड़े नहीं खरीदे तो तुरंत यहां बताए गए बाजार में पहुंचें. क्योंकि, यहां आपको सस्ते से सस्ते दाम में बेहतर चीजें मिलेंगी…
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित पूरे देश में कृष्ण जन्माष्टमी 2025 की धूम है. शहर के सभी मंदिरों में भगवान कृष्ण के स्वागत की तैयारी जोर शोर से चल रही है. ऐसे में लड्डू गोपाल के श्रृंगार के लिए खरीदारी की जा रही है.

भोपाल में अलग-अलग तरीके की झांकियां लोगों का मनमोह रही हैं. हर कोई अपने अंदाज में उनके जन्म के उत्सव में जुटा हुआ है. शहर के मंदिरों में लड्डू गोपाल का खास तरीके से श्रृंगार किया जा रहा है.

यदि आप भी अपने घर में लड्डू गोपाल का श्रृंगार करना चाहते हैं और बेहद कम दाम में कपड़ो से लेकर झूला, आसन, पगड़ी और बांसुरी लेना चाहते हैं तो भोपाल के न्यू मार्केट में सबसे कम दाम में समान मिल जाएगा.

यहां श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के लिए मथुरा-वृंदावन से आई मोर आकृति, जरीदार पोशाके, मोतीदार पगड़ी और हैंड स्टोन वर्क वाले मुकुट इस बार लोगों की पहली पसंद बन रहे हैं. बड़ी संख्या में लोग इसकी खरीदारी कर रहे हैं.

श्रद्धालु लड्डू गोपाल को 0 से 6 नंबर तक की रंग-बिरंगी पोशाकों में सजा रहे हैं. इसमें लेस, जरी, मोती से सजी इन पोशाकों पर जय श्रीकृष्ण की सुनहरी कढ़ाई और मोरपंखी डिजाइन उन्हें और खास बना रही है.

बाजार में मोतीदार, साटन व नेट से बनी पगड़ियां उपलब्ध है. वहीं, कान्हा के श्रृंगार के दाम की बात करें तो पोशाक 20 से लेकर 200 रुपए तक मिल रही है. इसमें लेस, जरी और मोती वर्क वाली पोशाक शामिल है.

बच्चों के लिए राधा-कृष्ण ड्रेस 100 से लेकर 400 रुपए तक मिल जा रही है. वहीं, माला का दाम 20 से लेकर 50 रुपए तक है. साथ ही बांसुरी 20 से 40 रुपए में मिल रही है. भगवान कृष्ण के झूले 100 से 3000 रुपए तक में मिल रहे हैं, जिसमें लाइटिंग वाले विशेष झूले भी शामिल हैं.

साथ ही मोरपंखी का दाम भी 50 रुपए पहुंच गया है. दही हांडी की बात करे तो ये 100 से लेकर 150 रुपए मिल रही है. मुकुट, हार और बाजूबंद जैसी अन्य श्रृंगार सामग्री 20 से लेकर 150 रुपए तक मिल रही है.