कटनी के एनकेजे थाना क्षेत्र में कटनी-बिलासपुर रेल मार्ग पर एक आदिवासी युवक का शव मिला है। मृतक की पहचान खेरवा गांव निवासी प्रताप सिंह गोंड (35) के रूप में हुई है।
.
गुरुवार सुबह रेलवे ट्रैक पर शव मिलने की सूचना पर जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। पंचनामा के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
परिजनों ने हत्या की जताई आशंका
मृतक के भाई सूरज सिंह ने इसे साजिश बताया है। उन्होंने कहा कि प्रताप रविवार शाम को बाजार गए थे। वह रात भर वापस नहीं लौटे। परिवार ने उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
ठेकेदार ने चोरी का लगाया था आरोप
मृतक की पत्नी उषा सिंह गोंड ने बताया कि एक हफ्ते पहले कौड़िया गांव के ठेकेदार उमेश चौधरी ने प्रताप पर चोरी का आरोप लगाया था। इसकी शिकायत एनकेजे थाने में दर्ज कराई गई थी। इस घटना के बाद से प्रताप परेशान थे।
जीआरपी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है।