शराब की दुकान पर ओवर रेटिंग का वीडियो वायरल: उपभोक्ता ने जताई आपत्ति, कर्मचारी बोला-आबकारी वाले रिश्तेदार हैं; सर्किल अधिकारी को हटाया – Jabalpur News

शराब की दुकान पर ओवर रेटिंग का वीडियो वायरल:  उपभोक्ता ने जताई आपत्ति, कर्मचारी बोला-आबकारी वाले रिश्तेदार हैं; सर्किल अधिकारी को हटाया – Jabalpur News



जबलपुर में ओवर रेटिंग शराब बिकने की शिकायत पर कलेक्टर दीपक सक्सेना ने पटवारियों की टीम बनाकर जांच के निर्देश दिए थे। जिसमें कई दुकानों में खामियां पाई गई। जिसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई भी की। लेकिन समय के साथ-साथ प्रशासन की जांच धीमी पड़ गई।

.

जिसके बाद फिर से शराब दुकान संचालकों ने मनमानी दिखाते हुए शराब के दाम अवैध रूप से बढ़ा दिए। शहर के एक शराब उपभोक्ता ने शराब दुकान में ओवर प्राइज बिक रही शराब का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल किया है, जिसके बाद अब आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए है। शहर में 170 रुपए की शराब 190 रुपए में बेची जा रही है।

181 पर कॉल कर शिकायत करो

सोशल मीडिया में गुरुवार को एक वीडियो सामने आया। जिसमें एक शराब उपभोक्ता जब गढ़ा स्थित दुकान पहुंचा तो उसे 170 रुपए की शराब की बोतल 190 रुपए में दी गई। उपभोक्ता ने एमआरपी देखा तो उसमें 170 लिखा था, जबकि उससे 20 रुपए बढ़कर लिए गए।

उपभोक्ता ने कलेक्टर और आबकारी विभाग के अधिकारियों का हवाला देते हुए कहा कि बोतल में जो रेट लिखा हुआ है, वह लिया जाए, इस पर दुकान संचालक का कहना था कि सीएम हेल्पलाइन 181 में जाकर शिकायत करो, वहीं से तुम्हारी समस्या का समाधान होगा, अभी शराब लेना है तो लो वरना चलते बनो यहां से।

आबकारी वाले रिश्तेदार हैं- मर्जी हमारी है

वीडियो में दो व्यक्ति दिखाई दे रहे हैं, जो शराब दुकान के अंदर खड़े हैं। इसमें एक जो पीली टी-शर्ट पहने हुए, वह कह रहा है कि आबकारी वाले हमारे रिश्तेदार हैं, वो सब हमारे चाचा, मामा लगते हैं। तभी दूसरा व्यक्ति कहता है कि एक मोटी मैडम आबकारी विभाग में है, उनका शिल्पा नाम है, वह इनकी भाभी है। वो कभी नहीं बोल सकती। पूरे शहर में ओवर रेटिंग शराब बिक रही है। शराब उपभोक्ता जब दुकान संचालक से कहता है कि, फिर तो आबकारी विभाग पैसे भी लेता होगा, इस पर दुकान संचालक का कहना था कि घोड़ा अगर घास से दोस्ती करेगा तो क्या खाएगा, सबको पैसा पहुंच रहा है।

सर्किल अधिकारी को हटाया

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को आबकारी विभाग ने गंभीरता से लिया है, जिसके बाद इस वीडियो की जांच करवाने की बात कहीं जा रही है। सहायक आबकारी आयुक्त ने गुरुवार की शाम को आबकारी उपनिरीक्षक शिल्पा स्वर्णकार को सर्किल अधिकारी से हटाकर ऑफिस में तलब किया है।

आदेश में आबकारी अधिकारी ने कहा कि सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने के बाद यह कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही शराब दुकान गंगासागर के ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए ओवर रेटिंग शराब बेचने का प्रकरण दर्ज किया गया है।



Source link