MP Weather Update: मध्यप्रदेश में झमाझम बारिश से हालात बिगड़े. रतलाम में फोटो खिंचवाते समय किशोरी नदी में बही. इटारसी में तवा डैम के 7 गेट खोले गए. भोपाल-इंदौर सहित कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट.
एमपी के कई जिले अलर्ट पर
MP Weather LIVE Update: मध्यप्रदेश में इस समय मानसून पूरी रफ़्तार पर है. गुरुवार को भी कई जिलों में झमाझम बारिश का सिलसिला जारी रहा. कहीं बारिश हल्की-फुल्की हुई, तो कहीं इतनी तेज़ कि नदी-नाले उफान पर आ गए और खतरा पैदा हो गया.
रतलाम जिले में बारिश के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया. अंगीठी बड़ौदा गांव में मलेनी नदी पर बनी पुलिया की रेलिंग पर फोटो खिंचवाते समय किशोरी नदी में बह गई. लगातार तेज़ बारिश के चलते यहां केदारेश्वर महादेव मंदिर का झरना भी फिर से फूट पड़ा और चारों तरफ़ पानी का सैलाब जैसा नज़ारा बन गया.
इधर, नर्मदापुरम जिले के इटारसी में तवा डैम के 7 गेट खोल दिए गए हैं. डैम से पानी छोड़े जाने के बाद आसपास के गांवों में अलर्ट जारी किया गया है.
शिवपुरी जिले में महुअर नदी उफान पर है और खोड़-पिछोर मार्ग पर बने पुल के ऊपर से पानी बहने लगा. इससे लोगों की आवाजाही पर असर पड़ा है.
राजधानी भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, नर्मदापुरम, बैतूल, गुना, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, देवास, शाजापुर समेत कई जिलों में गुरुवार को हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. भोपाल में दिनभर बादल छाए रहे और शाम होते ही जोरदार बारिश शुरू हो गई, जो देर रात तक रुक-रुक कर जारी रही.
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि इस समय मानसून ट्रफ लाइन प्रदेश से गुजर रही है और साथ ही गुजरात-महाराष्ट्र के ऊपर एक अन्य ट्रफ सक्रिय है. इसके अलावा उत्तर-पश्चिम मध्यप्रदेश में साइक्लोनिक सिस्टम बना हुआ है.
ऑरेंज अलर्ट (अति भारी बारिश और वज्रपात): धार, उज्जैन, श्योपुरकलां
येलो अलर्ट (गरज-चमक के साथ भारी बारिश): राजगढ़, अलीराजपुर, झाबुआ, इंदौर, रतलाम, देवास, शाजापुर, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, भिंड, मुरैना, डिंडोरी, मंडला, बालाघाट और अन्य जिले
हल्की बारिश: भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, रीवा, सतना, सीधी, शहडोल, उमरिया, जबलपुर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ समेत कई जिले