Cricket Records: टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में अब तक वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज ब्रायन लारा ही 400 रनों के आंकड़े तक पहुंच पाए हैं. हाल ही में ऐसा लग रहा था कि साउथ अफ्रीका के वियान मुल्डर उनके रिकॉर्ड को तोड़ देंगे, लेकिन उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ पारी घोषित करके सबको हैरान कर दिया था. टेस्ट में भले ही सिर्फ लारा ही इस आंकड़े तक पहुंच पाए हैं, लेकिन फर्स्ट क्लास क्रिकेट में कई बल्लेबाजों ने ऐसा किया है. संयोग कि बात है कि उसमें भी लारा ही पहले स्थान पर हैं. उन्होंने 1994 में वारविकशायर के लिए खेलते हुए डरहम के खिलाफ नाबाद 501 रन बनाए थे.
77 साल पहले रचा था इतिहास
बहुत कम क्रिकेट प्रेमियों को ये पता होगा कि भारत के एक बल्लेबाज ने भी 400 से ज्यादा रनों की पारी खेली है. ऐसा फर्स्ट क्लास क्रिकेट में हुआ था. 77 सालों से यह रिकॉर्ड अटूट है. अब तक कोई भी भारतीय इस रिकॉर्ड के पास नहीं पहुंच पाया है. 1948 में भाऊसाहेब बाबासाहेब निंबालकर ने यह महारिकॉर्ड बनाया था. वह भारत के लिए फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 400 रन का आंकड़ा पार करने वाले इकलौते क्रिकेटर हैं.
443 रन का महारिकॉर्ड
भाऊसाहेब बाबासाहेब निंबालकर के नाम रणजी ट्रॉफी इतिहास में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड है. 1948-1949 सीजन के दौरान उन्होंने 16 दिसंबर 1948 को पुणे में काठियावाड़ के खिलाफ अपनी राज्य टीम महाराष्ट्र के लिए नाबाद 443 रन बनाए थे. निंबालकर ने भारत के लिए कभी टेस्ट मैच नहीं खेला, इसलिए उनका नाबाद 443 रन का रिकॉर्ड किसी ऐसे क्रिकेटर का सर्वोच्च स्कोर है जिसने कभी टेस्ट क्रिकेट नहीं खेला.
ये भी पढ़ें: 7 चौके और 8 छक्के…एशिया कप टीम में सेलेक्ट होते ही खूंखार बल्लेबाज ने मचाया तहलका, 225 की स्ट्राइक रेट से ठोका शतक
1006 मिनट तक की थी बल्लेबाजी
निंबालकर उस मैच में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे और कुल 1006 मिनट क्रीज पर बिताकर नाबाद 443 रन बनाए. क्रीज पर रहते हुए उन्होंने कुल 49 चौके और एक छक्का लगाया और अपनी टीम को मैच जिताने में मदद की. महाराष्ट्र ने उस मैच में चार विकेट पर 826 रन बनाए. उस समय उनका कुल स्कोर डॉन ब्रैडमैन के 465 गेंदों पर नाबाद 452 रनों के बाद दूसरे स्थान पर था. ब्रैडमैन ने 3 जनवरी, 1930 को न्यू साउथ वेल्स की ओर से क्वींसलैंड के खिलाफ खेलते हुए बनाए थे. उनका रिकॉर्ड सिर्फ 4 रन से बाल-बाल बच गया था.
ये भी पढ़ें: 40 बॉल में चाहिए थे 102 रन…फिर जो हुआ उस पर नहीं होगा यकीन, धोनी के धांसू प्लेयर ने धो डाला
टॉप-4 में कौन-कौन?
फर्स्ट क्लास मैचों में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर के मामले में निंबालकर चौथे स्थान पर हैं. वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान और महान बल्लेबाज ब्रायन लारा 501 रनों की नाबाद पारी के साथ शीर्ष पर हैं. उन्होंने पाकिस्तान के हनीफ मोहम्मद के 499 रनों के रिकॉर्ड को तोड़ा था. हनीफ ने 8 जनवरी 1959 को कराची की ओर से बहावलपुर के खिलाफ बनाया था. उनके बाद ब्रैडमैन और निंबालकर का नंबर आता है.