Cricketer Died: एशिया कप 2025 का आगाज 9 सितंबर से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की धरती पर होगा. इस टूर्नामेंट में भारत अपना पहला ही मैच 10 सितंबर को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के खिलाफ खेलेगा. इसी बीच एक क्रिकेटर के अचानक निधन से क्रिकेट जगत सदमे में है. दरअसल, जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के एक लोकल क्रिकेटर फरीद हुसैन की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. फरीद हुसैन के साथ यह दुर्घटना 20 अगस्त को हुई थी और यह दुर्घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई.
इस क्रिकेटर का अचानक हुआ निधन
‘इंडिया टुडे’ की रिपोर्ट के मुताबिक फरीद हुसैन अपनी 2 व्हीलर गाड़ी चला रहे थे, तभी एक व्यक्ति ने अचानक अपनी कार का दरवाजा खोल दिया, ठीक उसी समय जब ये क्रिकेटर कार के पास से गुजरने ही वाला था. फरीद हुसैन कार के दरवाजे से टकरा गया और वह तुरंत जमीन पर गिर पड़ा. फिर राह चलते लोग उनकी मदद के लिए दौड़े. जमीन पर गिरते ही फरीद हुसैन बुरी तरह घायल हो गए और बाद में उनकी मौत हो गई.
पहले भी एक्सीडेंट में जा चुकी है एक दिग्गज की जान
बता दें कि फरीद हुसैन न केवल एक शानदार क्रिकेटर थे, बल्कि अपने क्षेत्र के कई युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा भी थे. फरीद हुसैन के निधन से उनके परिवार में मातम का माहौल है. बता दें कि कार एक्सीडेंट की वजह से ही 14 मई 2022 को ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज क्रिकेटर एंड्रयू साइमंड्स का भी निधन हो गया था. 14 मई 2022 को क्वींसलैंड शहर के टाउंसविले में एंड्रयू साइमंड्स की कार सड़क से नीचे पलट गई थी. एंड्रयू साइमंड्स इस एक्सीडेंट में बुरी तरह जख्मी हो गए थे, जिसके बाद उनकी मौत हो गई थी.
एंड्रयू फ्लिंटॉफ और ऋषभ पंत की बाल-बाल बची थी जान
दिसंबर 2022 में दो दिग्गज क्रिकेटर्स इंग्लैंड के पूर्व ऑलराउंडर एंड्रयू फ्लिंटॉफ और ऋषभ पंत कार एक्सीडेंट में बाल-बाल बच गए थे. एंड्रयू फ्लिंटॉफ बीबीसी के शो ‘टॉप गियर’ के एक एपिसोड की शूटिंग के दौरान इस हादसे का शिकार हो गए हैं. बता दें कि 30 दिसंबर 2022 की तड़के भारत के स्टार क्रिकेटर ऋषभ पंत की बीएमडब्ल्यू कार दिल्ली-देहरादून राजमार्ग पर सड़क के डिवाइडर से टकरा गई और उनका भीषण एक्सीडेंट हो गया था. एक्सीडेंट के बाद जब उनकी कार की तस्वीरें आईं तो वह काफी भयानक थी, लेकिन ऋषभ पंत उस हादसे में बाल-बाल बच गए. एक्सीडेंट में ऋषभ पंत बुरी तरह घायल हो गए थे और उन्हें टीम इंडिया में वापसी करने में डेढ़ साल से भी ज्यादा का समय लग गया. एक्सीडेंट में ऋषभ पंत के सिर, पीठ और पैरों में चोट आई थी, लेकिन तमाम मुश्किलों के बावजूद उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप 2024 के जरिए टीम इंडिया में धमाकेदार वापसी की थी.