इंदौर के चंदन नगर के नावदा पंथ में किसान मोतीलाल वाधवानी को बंधक बनाकर लूटपाट की गई है। घटना रविवार रात करीब डेढ़ बजे की है। करीब एक दर्जन हथियारबंद बदमाश फार्म हाउस में घुसे और किसान के साथ लात-घूंसों से मारपीट कर चाकू गले पर रख दिया।
.
बदमाशों ने लोहे की रॉड से अलमारी का लॉक तोड़ा और उसमें से दो सोने की चेन, एक लाख रुपए के अलावा तीन मोबाइल भी ले गए। बदमाशों ने कर्मचारियों से भी मारपीट की। पुलिस ने लूट का प्रकरण दर्ज करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घटना के दौरान कुछ बदमाश घर के बाहर खड़े होकर पहरा दे रहे थे।
कर्मचारियों के बांधे हाथ-पैर बदमाशों ने कमल, रोहित एवं एक अन्य कर्मचारी के हाथ-पैर बांधे और उनके गले से भी चांदी की चेन निकाल ली। चाकू से रोहित को चोट भी पहुंचाई और मौके से भाग गए। कर्मचारी किसी को सूचना न दे पाएं, इसलिए बदमाशों ने उनके मोबाइल फोन खेत में फेंक दिए।
किसान ने कहा-6 लोग कमरे में घुसे थे
किसान वाधवानी ने पुलिस को बताया कि मैं नावदा पंथ स्थित फार्म हाउस के कमरे में सो रहा था, दरवाजा अटका रखा था। रात 1:30 बजे 6 व्यक्ति कमरे में घुसे, उनके हाथों में टामी, कटर और चाकू थे। मुझसे पैसे, सोने-चांदी का पूछा, मेरे द्वारा बताने से मना करने पर उन्होंने टामी, लात-घूसों से पीटा। जिससे मेरे सीने, दाहिने कंधे के नीचे, दाहिनी आंख, माथे एवं होंठ पर चोट आई है। वाधवानी ने बताया कि मेरे सिर पर चाकू रखकर धमकी दी कि हमारा चेहरा देखने की कोशिश मत करो वरना जान से मार देंगे।
उन्होंने बताया कि बदमाशों ने हाथ-पैर और मुंह कपड़े से बांध दिया। मैंने अलमारी की चाबी नहीं दी, तो टामी से अलमारी का लॉक तोड़ दिया। उसमें रखे एक लाख रुपए, मेरे तीनों मोबाइल छुड़ा ले गए। बरामदे में रहने वाले कर्मचारी रोहित व कमल के हाथ बाहर छुपे बदमाशों ने बांध दिए। रोहित के पेट में चाकू से चोट पहुंचाई है। दोनों की चांदी की चेन छीन ली। कुछ बदमाश बाहर झोंपड़ी में कर्मचारियों की धमकाने के लिए खड़े थे। जाते-जाते मेरा और कर्मचारियों का मोबाइल खेत में फेंक गए।