नरसिंहपुर जिले के आमगांव बड़ा गांव में एक आवारा कुत्ते ने 24 घंटे में करीब 12 बच्चों को काट लिया। इनमें तीन साल की बच्ची की हालत गंभीर है। बताया जा रहा है कि किसी भी बच्चे को रैबीज का इंजेक्शन नहीं लगा है।
.
ग्रामीणों के अनुसार, हिंसक कुत्ते ने मनीष पटेल की 3 साल की बेटी पर हमला किया, जिससे उसके होंठ और पैर में गहरे घाव हो गए और हड्डियां तक दिखने लगीं। बच्ची को गंभीर हालत में नरसिंहपुर के जिला अस्पताल में रेफर किया गया है।
इसके अलावा 7 साल की नित्या के बाएं हाथ को भी बुरी तरह से जख्मी कर दिया। यह कुत्ता रविवार से मुख्य बाज़ार, इंदिरा कॉलोनी और चौधरी मोहल्ले में देखा गया है।
स्थानीय निवासी आशीष पटेल ने बताया कि इस कुत्ते ने अब तक 12 से अधिक बच्चों को घायल किया है। इसने गांव में बछड़ों और पिल्लों को भी नोचा है।
ग्रामीणों ने की वैक्सीन और कार्रवाई की मांग
आदित्य नेमा नाम के व्यक्ति ने प्रशासन से मांग की है कि कुत्ते के संपर्क में आए सभी बच्चों को तुरंत रैबीज का टीका लगवाया जाए। उन्होंने पंचायत से भी आग्रह किया है कि जल्द से जल्द इस कुत्ते को पकड़कर जंगल में छोड़ा जाए।
इस मामले में आमगांव चौकी प्रभारी रोहित पटेल ने बताया कि उन्होंने भी गांव में एक हिंसक कुत्ते के घूमने की बात सुनी है, लेकिन किसी पर हमले की कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है।