कलेक्टर और एसपी ने की शांति समिति की बैठक की अध्यक्षता।
टीकमगढ़ में आने वाले त्योहारों को लेकर कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में सोमवार शाम शांति समिति की बैठक हुई। कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय और पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने बैठक की अध्यक्षता की।
.
बैठक में गणेश चतुर्थी, डोल ग्यारस, मिलाद-उन-नबी, अनंत चतुर्दशी और नवरात्रि-विजयदशमी के आयोजन पर चर्चा हुई। कलेक्टर ने त्योहारों को सौहार्दपूर्ण और परंपरागत तरीके से मनाने की अपील की।
गणेश चतुर्थी के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए। प्रतिमा स्थापना के स्थानों की पूर्व जानकारी देनी होगी। मिट्टी की मूर्तियों को प्राथमिकता दी जाएगी। मूर्तियों की ऊंचाई शासन के निर्देशानुसार रखनी होगी। विसर्जन के लिए रूट से चल समारोह निकालें।
नगरवासियों से चर्चा करते कलेक्टर और एसपी।
विसर्जन के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। होमगार्ड के जवान तैनात रहेंगे। विसर्जन स्थलों पर माइक, टेंट, फायर ब्रिगेड और क्रेन की व्यवस्था रहेगी।
मांस-मदिरा की दुकानें पंडालों दूर रहेंगी
पंडालों के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जाएगी। मांस-मदिरा की दुकानें पंडालों से दूर रहेंगी। डीजे और साउंड सिस्टम की आवाज नियमानुसार सीमित रखी जाएगी। त्योहारों के दौरान शहर में बिजली आपूर्ति बाधित न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा।
पुलिस अधीक्षक मंडलोई ने कानून व्यवस्था बनाए रखने का आश्वासन दिया। बैठक में भाजपा नेता विवेक चतुर्वेदी, एसडीएम संस्कृति मुदित मिश्रा, तहसीलदार सतेन्द्र सिंह गुर्जर, धार्मिक गुरु और शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे।