एक किमी की सड़क जिस पर हो रही ‘मक्कार’ राजनीति: भाजपा और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्षों में तकरार; आखिर उस सड़क की हालत कैसी? – Madhya Pradesh News

एक किमी की सड़क जिस पर हो रही ‘मक्कार’ राजनीति:  भाजपा और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्षों में तकरार; आखिर उस सड़क की हालत कैसी? – Madhya Pradesh News


.

ये कहना है मुलताई के रहने वाले बबलू साहू का। बबलू का घर बैतूल से मुलताई को जोड़ने वाली सड़क के किनारे परमंडल मोड़ के पास है। मुलताई बायपास से शहर के बीच की डेढ़ किलोमीटर की सड़क करीब 2 साल से खराब है। कई गड्‌ढे हो गए हैं।

यही वो सड़क है, जिसका काम पूरा न हो पाने के कारण हाल ही में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुलताई विधायक को ‘मक्कार’ कहा था। इसके बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी पटवारी को भाषा की मर्यादा की नसीहत दे डाली थी।

ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर हमने स्थानीय लोगों से बात की और ये समझने की कोशिश की कि आखिर ये सड़क प्रदेश की राजनीति में अब इतना बड़ा मुद्दा कैसे बन गई…

जीतू बोले- दो साल में सड़क के गड्ढे नहीं भर पाए 20 अगस्त को पीसीसी चीफ जीतू पटवारी बैतूल कांग्रेस के नए जिला अध्यक्ष निलय डागा के स्वागत जुलूस कार्यक्रम में मुलताई पहुंचे थे। जीतू की गाड़ी उसी उखड़ी हुई सड़क से गुजर रही थी। उखड़ी सड़क देख जीतू भी उखड़ गए। उन्होंने कहा- आपके विधायक मक्कार हैं, ठीक तरह से काम नहीं कर रहे हैं। दो साल में एक सड़क के गड्ढे तक नहीं भर पाए।

इस पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि जीतू पटवारी ने भाजपा के वरिष्ठ विधायक चंद्रशेखर देशमुख के लिए जिस अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया है, वह एक चुने हुए जनप्रतिनिधि के अपमान के साथ ही ओबीसी वर्ग का भी अपमान है।

चंद्रशेखर देशमुख तीन बार के चुने हुए वरिष्ठ विधायक हैं। मप्र में पिछड़ा वर्ग को मिल रहे सम्मान से कांग्रेस नेता बौखलाए हुए हैं। वे अमर्यादित भाषा का प्रयोग कर अपनी हताशा प्रकट कर रहे हैं। राजनीति में मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन अशोभनीय भाषा का प्रयोग करना लोकतांत्रिक परंपराओं की अवहेलना और मर्यादाओं का हनन है।

अब उस सड़क के बारे में जानिए, जिस पर राजनीति गर्म है

करीब दो साल से खराब बैतूल-मुलताई सड़क बैतूल जिले से 47 किमी की दूरी पर मुलताई तहसील है। मुलताई की जनसंख्या करीब 30 हजार है। बैतूल से मुलताई जाने का मुख्य मार्ग नेशनल हाईवे 47 है। यह सड़क नागपुर तक जाती है। हाईवे पहले शहर से होकर गुजरता था। बायपास बन जाने के बाद शहर के बाहर से निकल जाता है।

इस हाइवे से शहर को जोड़ने वाली सड़क भिलाई मोड़ से मुलताई बस स्टैंड तक 4 किमी है। अब यह सड़क स्टेट हाइवे 26 हो गई है। इस 4 किमी के बीच में परमंडल मोड़ से ड्रीमलैंड सिटी गेट तक 1.5 किमी की सड़क डेढ़ साल से खराब पड़ी है।

मुलताई बस स्टैंड से 2 किमी चलकर जब हम सड़क के खराब हिस्से पर पहुंचे तो बारिश में कीचड़ और सैकड़ों गढ्ढे ही नजर आए। लोग कीचड़ में किसी तरह इधर-उधर से बाइक और गाड़ियां निकाल रहे थे। हम एक घंटे तक सड़क के किनारे मौजूद रहे। इस दौरान 100 से अधिक बाइक, 26 कारें और 4 बसें उसी सड़क से गुजरीं। स्पीड न के बराबर और किसी तरह से संभलकर चलते हुए नजर आए। हमने वहां से गुजर रहे लोगों और सड़क किनारे रहने वालों से बात की।

सड़क पर बड़े-बड़े गड्‌ढे हो गए हैं। इनमें बारिश का पानी भर जाता है।

सड़क पर बड़े-बड़े गड्‌ढे हो गए हैं। इनमें बारिश का पानी भर जाता है।

दो बार हुआ एक्सीडेंट, बारिश में निकलना मुश्किल सड़क से गुजर रहे बाइक चालक विवेक पवार ने बताया, परमंडल का रहने वाला हूं, इसी सड़क से आना-जाना होता है। सड़क इतनी खराब हो गई है, बारिश में निकलना मुश्किल हो जाता है। दो बार मेरा एक्सीडेंट हो चुका है, दो बार फिसल कर गिर चुका हूं। दोनों बार मेरी गाड़ी भी इसी रोड पर गिरने से टूट गईं। एक साल हो रहे हैं, बाकी की रोड तो बना दी है, लेकिन ये बनाने में पता नहीं क्या समस्या आ रही है।

सड़क के किनारे रहने वाले मनिराम ने बताया कि धूल उड़ने के कारण कई लोग अस्थमा के मरीज हो गए। सड़क किनारे रहने वाले लोगों के साथ-साथ मुलताई और बैतूल के रहने वाले जो रोज अप-डाउन करते हैं, उनको समस्या हो रही है। बरसात में गड्ढे हो गए हैं, रोज एक्सीडेंट हो रहे हैं।

सड़क खोदने से व्यापार ठप पड़ गया सड़क के किनारे रहने वाले बबलू साहू ने बताया कि मेरा घर रोड के किनारे है, जब से रोड खोदी गई है, रोज एक-दो एक्सीडेंट हो जाते हैं। मेरे सामने रोज एक दो-लोग गिर जाते हैं। घर में पेशेंट हैं, पिता जी को हार्ट की बीमारी है। धूल में सांस भी लेना मुश्किल हो जाता है। हमें दिनभर अपना घर बंद रखना पड़ता है। सड़क ब्लॉक होने के कारण लोग दूसरी सड़कों से दूर से घूमकर जाते हैं। हमारा धंधा भी कम हो गया, घाटा लग गया। सड़क किनारे सारी दुकानें बंद हो गई हैं।

सड़क किनारे की सारी दुकानों के शटर बंद हैं। कई होटल और ढाबे भी बंद पड़े हैं। सुखदेव गड़ेकर भी यहीं ढाबा संचालित करते हैं। सुखदेव ने बताया, बैतूल रोड गुरुकृपा होटल के सामने मेरा ढाबा है। 8 महीने से जब से सड़क खोदी गई, पूरा धंधा ठप पड़ गया है। सामने वाला होटल बंद हो गया, सारी दुकानें बंद पड़ी हैं।

पहले ढाबे पर रोजाना तीन से चार हजार की बिक्री हो जाती थी, अब मुश्किल से एक हजार की भी नहीं हो पाती है। इस सड़क से 100 गांवों के लोगों का आना जाना होता था लेकिन अब सब इधर-उधर से निकल जाते हैं। लोग इधर आना ही नहीं चाहते, कीचड़-गड्ढों में गिर जाते हैं।

बारिश के दिनों में सड़क पर कीचड़ हो जाती है।

बारिश के दिनों में सड़क पर कीचड़ हो जाती है।

अब जानिए, विधायक का इस बारे में क्या कहना है… पटवारी के बयान पर विधायक चंद्रशेखर देशमुख ने कहा, जीतू पटवारी विपक्ष के नेता हैं और उनका काम सत्ता के खिलाफ बोलना है।

खराब सड़क को लेकर उन्होंने कहा- सड़क का वर्क ऑर्डर और टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। बारिश के कारण अभी काम थमा है, जल्द सड़क निर्माण पूरा होगा।

बैतूल की पीडब्ल्यूडी ईई प्रीति पटेल ने बताया कि एक किमी सड़क निर्माण के लिए एजेंसी के साथ एग्रीमेंट किया गया था। काम में लापरवाही के कारण एजेंसी को टर्मिनेट कर ब्लैकलिस्ट कर दिया है। इसी सप्ताह नई एजेंसी के साथ एग्रीमेंट हुआ है। करीब एक करोड़ रुपए का है। बारिश के कारण काम अभी रुका है, बारिश के बाद काम शुरू किया जाएगा।



Source link