निवाड़ी में तिगेला रोड पर बड़े तालाब के पास पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा किए जा रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान आज सुबह 10 बजे एक बड़ी घटना सामने आई। जेसीबी मशीन से मिट्टी हटाने के दौरान नगर की मुख्य जलापूर्ति लाइन क्षतिग्रस्त हो गई।
.
पाइपलाइन टूटते ही तेज बहाव के साथ हजारों गैलन पानी सड़कों पर बहने लगा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए नगर की पानी सप्लाई तत्काल बंद करनी पड़ी। इस घटना से नगर के कई मोहल्लों में जलापूर्ति प्रभावित हुई है।
पीडब्ल्यूडी विभाग और नगर परिषद की टीम मौके पर पहुंच गई है। पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। यह घटना योजना और विभागों के बीच समन्वय की कमी को दर्शाती है। बिना पाइपलाइन का नक्शा जांचे सड़क चौड़ीकरण कार्य शुरू करने से यह स्थिति उत्पन्न हुई।
नगर परिषद के अधिकारियों के अनुसार, मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद ही जलापूर्ति बहाल की जा सकेगी। इस घटना से शहर के विभिन्न हिस्सों में पानी की किल्लत का सामना करना पड़ सकता है।