Major Dhyanchand Khel Ratna Award: मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार भारत का सबसे बड़ा खेल सम्मान है. इसे पहले राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार के नाम से जाना जाता था. इस पुरस्कार का नाम भारतीय हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के नाम पर रखा गया है. उन्हें अब तक का सबसे बेहतरीन हॉकी खिलाड़ी माना जाता है. यह सम्मान हर साल भारत सरकार के युवा मामले और खेल मंत्रालय द्वारा उन एथलीटों को दिया जाता है जिन्होंने अपने खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया हो. आज नेशनल स्पोर्ट्स डे (29 अगस्त) है और हम इस मौके पर आपको इस अवॉर्ड से संबंधित कुछ अनोखे रिकॉर्ड्स के बारे में बता रहे हैं.
कैसे होता है सेलेक्शन?
पुरस्कार विजेता का चयन मंत्रालय द्वारा गठित एक समिति करती है. यह पुरस्कार किसी खिलाड़ी के ‘चार साल की अवधि में वैश्विक स्तर पर शानदार और सबसे उत्कृष्ट प्रदर्शन’ के लिए दिया जाता है. इस पुरस्कार में 25 लाख रुपये की नकद राशि, एक पदक और एक प्रमाण पत्र दिया जाता है.
आनंद और अभिनव के नाम रिकॉर्ड
चेस ग्रैंडमास्टर विश्वनाथन आनंद इस प्रतिष्ठित पुरस्कार को 1991-92 में पाने वाले पहले खिलाड़ी हैं. निशानेबाज अभिनव बिंद्रा 2001 में इस पुरस्कार को जीतने वाले सबसे कम उम्र के एथलीट थे. उन्होंने सिर्फ 18 साल की उम्र में इस अवॉर्ड को जीता था. आमतौर पर यह पुरस्कार हर साल सिर्फ एक खिलाड़ी को दिया जाता है, लेकिन कुछ ऐसे भी मौके आए हैं जब एक ही साल में एक से ज्यादा खिलाड़ियों को यह सम्मान मिला है. 2024 में भी ऐसा ही हुआ है. तब यह पुरस्कार शतरंज के लिए डी गुकेश, निशानेबाजी के लिए मनु भाकर, हॉकी के लिए हरमनप्रीत सिंह और पैरा-एथलेटिक्स के लिए प्रवीण कुमार को दिया गया था.
ये भी पढ़ें: अजूबा: 8 विकेट, 60 गेंद और 10 रन… 36 साल के अनजान गेंदबाज का वर्ल्ड रिकॉर्ड
2 बार किसी को नहीं मिला यह अवॉर्ड
2008 और 2014 ऐसे साल थे जब किसी भी खिलाड़ी को यह पुरस्कार नहीं दिया गया. 2024 तक एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बिलियर्ड्स, मुक्केबाजी, शतरंज, क्रिकेट, हॉकी, फुटबॉल, जिम्नास्टिक, पैरा-एथलेटिक्स, पैरा-बैडमिंटन, पैरा-शूटिंग, शूटिंग, स्नूकर, टेबल टेनिस, टेनिस, भारोत्तोलन और नौकायन सहित 16 खेल विषयों में कुल 62 खिलाड़ियों को यह पुरस्कार मिल चुका है.
सचिन से मिताली तक को मिला सम्मान
क्रिकेट जगत में भी कई महान खिलाड़ियों को यह सम्मान मिला है. सबसे पहले यह अवॉर्ड सचिन तेंदुलकर को मिला था. इस दिग्गज खिलाड़ी को 1997-98 में सम्मानित किया गया था. उनके बाद महान कप्तान महेंद्र सिंह धोनी, सुपरस्टार विराट कोहली और वनडे कप्तान रोहित शर्मा को यह अवॉर्ड मिल चुका है. महिला खिलाड़ियों में मिताली राज इसे हासिल करने वाली इकलौती क्रिकेटर हैं.
ये भी पढ़ें: एशिया कप 2025 में भारत को हराना होगा बेहद मुश्किल, दुबई के मैदान पर ऐसा है रिकॉर्ड, तो फिर ट्रॉफी पक्की!
खेल रत्न अवॉर्ड से सम्मानित क्रिकेटर
सचिन तेंदुलकर- 1997–1998
महेंद्र सिंह धोनी- 2007
विराट कोहली- 2018
रोहित शर्मा- 2020
मिताली राज- 2021