जिम्बाब्वे के दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रेंडन टेलर की लगभग साढ़े 3 साल बाद वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी हुई है. ब्रेंडन टेलर पर जनवरी 2022 में इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने भ्रष्टाचार से जुड़े आरोपों के चलते साढ़े तीन साल का बैन लगाया गया था. ब्रेंडन टेलर ने हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में वापसी की. हालांकि, वनडे क्रिकेट हमेशा से उनका पसंदीदा फॉर्मेट रहा है, क्योंकि 39 साल के इस दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज ने 205 ODI मैचों में 6684 रन बनाए हैं और 11 शतक लगाए हैं.
साढ़े 3 साल बाद वनडे टीम में हुई इस दिग्गज क्रिकेटर की वापसी
श्रीलंका के खिलाफ हरारे स्पोर्ट्स क्लब में पहले वनडे इंटरनेशनल मैच के लिए जिम्बाब्वे की वनडे टीम ने दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रेंडन टेलर की लगभग साढ़े 3 साल बाद वापसी हुई है. जिम्बाब्वे के कप्तान क्रेग एर्विन श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं. जिम्बाब्वे के कप्तान क्रेग एर्विन को पिंडली में चोट लग गई थी. क्रेग एर्विन की अनुपस्थिति में सीन विलियम्स को कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
कप्तान हुआ चोटिल
बता दें कि क्रेग एर्विन का एमआरआई स्कैन हुआ था, जिसमें उनकी बाईं पिंडली में ग्रेड II की चोट के बाद उनकी दाहिनी पिंडली में ग्रेड I की चोट की पुष्टि हुई है, जो अब पुरानी हो रही है और ठीक हो रही है. जिम्बाब्वे ने पहले वनडे में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. शेवरॉन्स ने गेंदबाजी में अच्छी शुरुआत की, लेकिन निशान मदुश्का शून्य पर आउट हो गए. पथुम निसांका को भी अपनी पारी की शुरुआत में संघर्ष करना पड़ा.
वानिंदु हसरंगा की कमी खलेगी
श्रीलंका की टीम को जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे सीरीज में वानिंदु हसरंगा की कमी खलेगी, क्योंकि यह ऑलराउंडर हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण बाहर है. पिछले महीने बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज में 2-1 से जीत के बाद श्रीलंका इस सीरीज में उतर रहा है. यह नवंबर 2008 के बाद जिम्बाब्वे का उनका पहला सफेद गेंद दौरा है. जिम्बाब्वे सीरीज के बाद श्रीलंका 9-28 सितंबर तक संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में होने वाले एशिया कप में भाग लेगा.