बड़वानी27 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
- बेरोजगारों ने रैली निकालकर सीएम व पीएम के खिलाफ लगाए नारे, एसडीएम को दिया आवेदन
बहुत हुई मन की बात, अब करो काम की बात, ना चोर हूं न चौकीदार हूं, मैं तो बेरोजगार हूं, मुख्यमंत्री तेरी तानाशाही नहीं चलेगी जैसे नारे लगाकर जिले के बेरोजगारों ने शुक्रवार को पीएम व सीएम के खिलाफ रैली निकाली। 5 साल से बेरोजगारी झेल रहे शिक्षित युवाओं का सब्र अब टूट गया है। युवाओं ने बताया तीन साल से किसी भी विभाग की बड़ी वेकेंसी नहीं आई है।
इसके चलते शिक्षित युवाओं को बेरोजगारी का सामना करना पड़ रहा है। रैली में निजी स्कूल के शिक्षक भी शामिल हुए, जो कोरोना काल में बेरोजगार हो गए हैं। रैली कलेक्टोरेट पहुंची।
यहां एसडीएम घनश्याम धनगर को सीएम के नाम आवेदन देकर ज्यादा पदों पर वेकेंसी निकालने की मांग की है। बेरोजगार युवाओं ने शुक्रवार को कारंजा चौक से कलेक्टोरेट तक रैली निकाली।
रास्ते में नारे लगाकर विरोध जताया। संदीप नरगांवे ने बताया पिछले दिनों जेल प्रहरी पद के लिए 250 से 300 पद की वेकेंसी आई थी। लेकिन यह नाकाफी है। जिले में 10 हजार से ज्यादा युवा बेरोजगार है। वहीं 2017 में एसआई व आरक्षक पद पर भर्ती के लिए वेकेंसी निकली थी।।
युवाओं ने एसडीएम को आवेदन देकर 15 हजार आरक्षक व 1500 एसआई के रिक्त पदों व अन्य विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती के लिए विकेंसी निकालने की मांग की है। साथ ही आयु सीमा 37 वर्ष करने की मांग की है। इस दौरान कृष्णा मालवीया, संतोष चौहान, नारायण भूरिया, वीरेंद्र खेड़े, महेश चौहान, सचिन नावड़े, प्रकाश बंडोड, सुनील सोलंकी सहित बड़ी संख्या में युवा मौजूद थे।
0