उज्जैन के बड़नगर में एसडीएम को धमकी भरे फोन आने के बाद बड़नगर थाना पुलिस ने शुक्रवार देर शाम अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
.
एसडीएम ने शिकायत में पुलिस को बताया कि, उन्होंने सावन सवारी के दौरान पीडब्ल्यूडी की एसडीओ को बैरिकेडिंग की व्यवस्था करने को कहा था। लेकिन उन्होंने मन कर दिया था। जिसकी शिकायत कलेक्टर को की गई थी। फोन पर धमकी देने वाले ने खुद को एसडीओ का मामा बताते हुए देख लेने की धमकी दी थी।
कॉलर ने खुद को भोपाल से होना बताया
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बड़नगर, धीरेन्द्र पराशर द्वारा बड़नगर थाने में शुक्रवार को लिखित शिकायत दर्ज कराई है। एसडीएम पराशर ने पुलिस को बताया कि लोक निर्माण विभाग की एसडीओ साक्षी तंतवाय द्वारा कार्य में लापरवाही बरतने और थाना प्रभारी बड़नगर को शाही सवारी में आवश्यक बैरिकेड उपलब्ध कराने से स्पष्ट इनकार किए जाने की जानकारी के बाद उज्जैन कलेक्टर को जांच प्रतिवेदन भेजा गया था।
27 अगस्त (बुधवार) को शाम 04.30 बजे के आसपास एक अनजान व्यक्ति द्वारा मेरे मोबाइल पर स्वयं को भोपाल का बताते हुए अभद्रता साथ कॉल किया गया। फोन करने वाले व्यक्ति ने एसडीओ साक्षी को उसकी भांजी बताया। साथ ही कलेक्टर को दिए प्रतिवेदन को वापस लेने की बात कहते हुए अभद्रता कर देख लेने की धमकी दी। उसके द्वारा यह भी धमकी दी कि कलेक्टर द्वारा कोई कार्यवाही की गई तो उसके परिणाम भुगतने होगे।
धमकी मिलने के बाद एसडीएम पराशर ने थाने में एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नंबर ट्रेस किया तो इंदौर का निकला। पुलिस अब कॉल करने वाले का पता लगा रही है।
शांति समिति की बैठक में भी किया था इनकार
एसडीएम धीरेन्द्र पराशर ने कहा कि एसडीओ साक्षी तंतवाय से बड़नगर थाना प्रभारी ने 11 अगस्त को निकलने वाले सवारी में बैरिकेडिंग की व्यवस्था करने का आग्रह किया था। लेकिन उन्होंने ये कहकर मना कर दिया की ये काम मेरा नहीं है। इसके बाद शांति समिति की बैठक में भी एसडीओ ने सबके सामने काम करने से मना किया। इसके बाद उज्जैन कलेक्टर को शिकायत हुई तो उन्होंने जांच प्रतिवेदन देने की बात कही थी।