रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव भारत के दो सबसे खतरनाक टी20 बल्लेबाज हैं. रोहित शर्मा टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले चुके हैं. रोहित शर्मा के नाम टी20 इंटरनेशनल में 5 शतक और सूर्यकुमार यादव के नाम 4 शतक जड़ने का रिकॉर्ड है. रोहित शर्मा के नाम टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा 205 छक्के और सूर्यकुमार यादव के नाम 146 छक्के जड़ने का रिकॉर्ड है. हालांकि टी20 फॉर्मेट के एशिया कप में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में विराट कोहली अव्वल हैं. विराट कोहली भी टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले चुके हैं.
एशिया कप के टी20 फॉर्मेट में सबसे ज्यादा रन
विराट कोहली के नाम टी20 फॉर्मेट के एशिया कप में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड दर्ज है. विराट कोहली ने एशिया कप (टी20 फॉर्मेट) में कुल 10 मुकाबले खेले, जिसकी नौ पारियों में 85.80 की औसत के साथ 429 रन बनाए. इस दौरान विराट कोहली के बल्ले से एक शतक और तीन अर्धशतक भी देखने को मिले. टी20 फॉर्मेट के एशिया कप में कोहली ने 40 चौके और 11 छक्के भी लगाए. विराट कोहली 8 सितंबर 2022 को अफगानिस्तान के खिलाफ एशिया कप के मुकाबले में 122 रन की नाबाद पारी खेल चुके हैं.
टी20 फॉर्मेट के एशिया कप में सबसे बेहतरीन औसत
इस पारी में कोहली ने 61 गेंदों का सामना करते हुए छह छक्के और 12 चौके लगाए थे. टीम इंडिया ने 212/2 का स्कोर बनाने के बाद 101 रन से जीत दर्ज की थी. एशिया कप (टी20 फॉर्मेट) में ठीक इतनी ही रन की पारी हांगकांग के बाबर हयात भी खेल चुके हैं, जिन्होंने 19 फरवरी 2016 को ओमान के विरुद्ध 60 गेंदों में 122 रन बनाए थे. टी20 फॉर्मेट के एशिया कप में सबसे बेहतरीन औसत के मामले में दूसरे स्थान पर अफगानिस्तान के इब्राहिम जादरान का नाम शामिल है, जिन्होंने पांच मुकाबलों में 65.33 की औसत के साथ 196 रन बनाए.
मोहम्मद रिजवान का रिकॉर्ड
तीसरे स्थान पर पाकिस्तान के शोएब मलिक हैं, जिन्होंने चार मुकाबलों में 60.50 की औसत के साथ 121 रन अपने नाम किए. ठीक इतने ही मुकाबले में इसी औसत के साथ पाकिस्तान के सरफराज अहमद ने भी बल्लेबाजी की. बांग्लादेश के महमुदुल्लाह लिस्ट में पांचवें पायदान पर हैं, जिन्होंने सात मुकाबलों में 57.66 की औसत के साथ कुल 173 रन जुटाए. इनके अलावा, मोहम्मद रिजवान 50 से ज्यादा की औसत के साथ बल्लेबाजी करने वाले छठे और अंतिम बल्लेबाज हैं. इस पाकिस्तानी खिलाड़ी ने छह मुकाबलों में 56.20 की औसत के साथ 281 रन अपने खाते में जुटाए.