Last Updated:
जबलपुर के पुलिस क्वार्टर घंटाघर में श्री सिद्धिविनायक गणेश उत्सव समिति ने डीजीपी बने गणेश भगवान की अनोखी झांकी आदर्श थाना थीम पर बनाई, जो देशभर में वायरल हो रही है.
संस्कारधानी जबलपुर में पुलिस क्वार्टर का पंडाल लोगों का मनमोह रहा है. दरअसल, पंडाल में गणेश भगवान डीजीपी बने हुए हैं और खाकी वर्दी पहने हैं. यह पंडाल आदर्श थाना थीम के तौर पर तैयार किया गया है.

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) बने गणेश भगवान को कानून का रक्षक बताया गया है. इतना ही नहीं पंडाल में वर्दी पहने गणेश भगवान की नेम प्लेट में गणेश नाम लिखा हुआ है और हाथ में डंडा है.

भगवान श्री गणेश की अद्भुत झांकी पुलिस क्वार्टर घंटाघर में बनाई गई है. यहां श्री सिद्धिविनायक गणेश उत्सव समिति द्वारा आदर्श थाना थीम पर एक आदर्श थाने का सेटअप बनाया गया है. जहां पंडाल में प्रवेश करते ही पंडाल पूरी तरह थाने की तरह दिखाई देता है.

पंडाल में भगवान गणेश की पुलिस की वर्दी में 8 फीट ऊंची और चार भुजाओं वाली प्रतिमा कुर्सी पर विराजमान है. वर्दी में नेम प्लेट होने के साथ ही हाथ में पुलिस का डंडा भी है. जो अपराधियों को कानून का सबक सिखा रहा है.

इतना ही नहीं डीजीपी बने गणेश जी के नजदीक एक रिपोर्ट लिखने वाला आरक्षक और रिपोर्ट लिखाने आई फरियादी महिला, एक पुरुष, बंदी गृह, ऊर्जा डेस्क सहित एडवोकेट का भी कट आउट लगाया गया है.

श्री सिद्धिविनायक गणेश उत्सव समिति के संयोजक राजेश मिश्रा ने बताया, गणेश प्रतिमा स्थापित करने का उद्देश्य है कि लोगों को आदर्श पुलिस थाने से रूबरू कराना, जो थाने से अवगत नहीं होते हैं और उन्हें शिकायत करने पर डर का अहसास होता है.

उन्होंने बताया भगवान श्री गणेश हमेशा न्याय करते हैं और लोगों की मदद करने तत्पर हैं. इसी तरह पुलिस का काम होता है, जो पीड़ितों की मदद के लिए हमेशा 24 घंटे खड़ी होती है और सच का हमेशा साथ देती है. बहरहाल, संस्कारधानी में विराजमान डीजीपी बने गणेश का यह पूरा पंडाल देशभर में वायरल हो रहा है.