राजगढ़ में बदहाल सड़क को लेकर प्रदर्शन।
राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में सोमवार को नगर की बदहाल व्यवस्थाओं और खुदी सड़कों के खिलाफ लोगों ने विरोध-प्रदर्शन किया। भाजपा और कांग्रेस के पार्षद के पति और बेटे एक साथ ढोल मंजीरों के साथ सड़क पर उतरे। उन्होंने नगर परिषद पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। बार
.
प्रदर्शनकारी गायत्री मंदिर से दोपहर 1 बजे ढोल-झांझ और मंजीरों की थाप पर नारेबाजी करते हुए नगर परिषद कार्यालय पहुंचे। उन्होंने बारिश की फुहारों के बीच ‘घटिया निर्माण बंद करो, भ्रष्टाचार बंद करो’ के नारे लगाए।
ढोल मंजीरों की थाप बजाते नगर परिषद कार्यालय पहुंचे प्रदर्शनकारी।
नगर परिषद गेट पर हनुमान चालीसा और यज्ञ
कार्यालय पहुंचने पर प्रदर्शनकारियों ने परिषद के मुख्य दरवाजे पर धरना दिया। यहां सबसे पहले हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ हुआ। फिर गायत्री मंदिर के पंडित को बुलवाकर सद्बुद्धि यज्ञ कराया गया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि, यज्ञ नगर परिषद अधिकारियों, इंजीनियर, ठेकेदार और सीएमओ की सद्बुद्धि के लिए किया जा रहा। ताकि जनता का पैसा सही जगह खर्च हो सके।

कार्यालय के सामने सदबुद्धि यज्ञ कराया।
ठेकेदार, इंजीनियर और CMO पर आरोप
वार्ड क्रमांक 10 की पार्षद मनीषा जायसवाल के पति राकेश जायसवाल सड़कों के निर्माण में घटिया सामान इस्तेमाल होने से सड़कें 2 दिन में उखड़ जाती है। नगर परिषद और सीएमओ का इस ओर ध्यान नहीं है। उन्होंने कहा कि पानी, सफाई, सड़क और सिटी पोर्शन रोड को लेकर 36 बिंदुओं का ज्ञापन सौंपा गया है। मांग है कि नगर में जितनी भी सड़कें बनी हैं, उनकी जांच करवाई जाए। दोषी पाए जाने पर ठेकेदार, इंजीनियर और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाए।

पुलिस की मौजूदगी में शांतिपूर्ण प्रदर्शन हुआ।
दोषी अधिकारियों के निलंबन तक आंदोलन जारी रहेगा
नगर पालिका उपाध्यक्ष शीतल शर्मा के पति विजय शर्मा बंटी आरोप लगाया कि, लोग अपनी समस्या लेकर आते हैं, लेकिन सीएमओ उनकी बात नहीं सुनते। नगर की सड़कों की हालत बदतर है। हर जगह गड्ढे हैं। बार-बार निवेदन के बाद भी मरम्मत का काम नहीं हुआ। उन्होंने कहा, जब तक दोषी अधिकारियों को निलंबित नहीं किया जाता, आंदोलन जारी रहेगा। हमने हनुमान चालीसा, हवन किया ताकि जिम्मेदारों को सद्बुद्धि मिल जाए।

प्रदर्शनकारियों ने सीएमओ को 4 पन्नों का ज्ञापन सौंपा।
एसडीएम के नाम ज्ञापन सौंपा
नगर परिषद कार्यालय पर नायब तहसीलदार, सीएमओ पवन अवस्थी, थाना प्रभारी उमाशंकर मुकाती और पुलिस बल तैनात रहा। एक घंटे तक चले धरने के बाद एसडीएम के नाम, नायब तहसीलदार और सीएमओ को 4 पन्नों का ज्ञापन सौंपा गया।