कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के काफिले पर हुए हमले के विरोध में मंगलवार को मुरैना कांग्रेस ने एसपी समीर सौरभ को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मध्यप्रदेश के डीजीपी के नाम पटवारी को सुरक्षा देने और हमलावरों को जल्द पकड़ने की मांग की गई।
.
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी 31 अगस्त रविवार को रतलाम जा रहे थे। इसी दौरान अज्ञात लोगों ने उनके काफिले पर हमला कर दिया। इस हमले में उनकी कार भी क्षतिग्रस्त हो गई थी। घटना के बाद से कांग्रेस लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी और सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रही है।
बारिश के कारण पैदल रैली की जगह गाड़ियों से पहुंचे कांग्रेसी
कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रैली के रूप में एसपी ऑफिस पहुंचकर ज्ञापन सौंपना था, लेकिन अचानक बारिश होने लगी। इसके चलते कांग्रेसी कार्यकर्ता गाड़ियों से एसपी कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन सौंपने पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं का नेतृत्व नव नियुक्त ग्रामीण जिलाध्यक्ष मधुराज तोमर और शहर अध्यक्ष गजेंद्र जाटव ने किया। इस दौरान सत्यपाल सिंह सिकरवार (लोकसभा प्रत्याशी रहे), मानवेंद्र गांधी (पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष), भगवान सिंह तोमर (पूर्व जिलाध्यक्ष) समेत कई नेता मौजूद रहे।