उमरिया जिले में तेंदूपत्ता संग्राहकों को उनकी मेहनत की रकम नहीं मिलने से परेशानी बढ़ गई है। मानपुर तहसील की प्राथमिक वनोपज सहकारी समिति गोबराताल के अंतर्गत आने वाले देवरी, मढ़ऊ, मडईकला, पंझरिया, मलहरा और हिरौली गांव के संग्राहक कलेक्टर से मिले।
.
संग्राहकों ने कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन को बताया कि 29 जुलाई को उनके खातों में 54 लाख रुपए से अधिक की राशि जमा होनी थी। एक महीने बीत जाने के बाद भी यह राशि उनके खातों में नहीं पहुंची है।
संग्राहक राम सिंह ने कहा कि बैंक में चेक जमा होने के बावजूद खातों में पैसे नहीं आए हैं। इससे उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अनुविभागीय अधिकारी (वन) कुलदीप त्रिपाठी ने इस मामले में कहा कि शिकायत मिली है। उन्होंने बताया कि संग्राहकों के खातों में राशि समिति के द्वारा जमा की जाती है। नोडल अधिकारी और प्रबंधक चेक पर हस्ताक्षर करके राशि जमा करवाते हैं। त्रिपाठी ने आश्वासन दिया कि वे बैंक, नोडल अधिकारी और प्रबंधक से बात कर समस्या का समाधान करेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी संग्राहक को परेशानी न हो, इसका वे हमेशा ध्यान रखते हैं।
